रांची। वेकअप इंडिया फाउंडेशन की ओर से बरियातू स्थित चेशायर होम, रांची में ‘मुस्कान – ए डे ऑफ जॉय’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य चेशायर होम के निवासियों के साथ खुशियां साझा करना, उनके साथ भावनात्मक जुड़ाव बनाना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना था।
कार्यक्रम के दौरान नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ योग, रांची के सहयोग से योग एवं वेलनेस सत्र का आयोजन किया गया। अभ्रदीप दत्ता, मौसम और तरुण ने प्रतिभागियों को योग, श्वास अभ्यास और ध्यान कराया। इसके अलावा शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर रखने और शरीर के दर्द से राहत दिलाने के लिए आसान स्वास्थ्य अभ्यास भी कराए गए।
संगीत और मनोरंजक गतिविधियों ने बांधा समां
योग सत्र के साथ कार्यक्रम में संगीत, गायन, कहानी सुनाने और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन हुआ। फाउंडेशन के स्वयंसेवकों ने चेशायर होम के निवासियों के साथ समय बिताया और बातचीत के साथ कई गतिविधियों में हिस्सा लिया। इससे पूरे कार्यक्रम के दौरान खुशनुमा और सकारात्मक माहौल बना रहा।
इस आयोजन में बीआईटी मेसरा, लालपुर के छात्रों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। छात्रों और स्वयंसेवकों ने निवासियों के साथ संवाद करते हुए उनके साथ खुशी के पल साझा किए।
कार्यक्रम के समापन पर सभी के लिए एक प्रेरणादायक संदेश दिया गया—“किसी की खुशी का हिस्सा बनिए।”
वेकअप इंडिया फाउंडेशन के इस प्रयास ने सामाजिक सहभागिता और मानवीय संवेदनशीलता का संदेश देते हुए लोगों को दूसरों की खुशियों में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया।


