रांची। राष्ट्रीय नारी शक्ति महिला संगठन ने झारखंड की विधवा महिलाओं को भी मईया योजना की तर्ज पर हर महीने ढाई हजार रुपये देने की मांग की है। संगठन की ओर से रांची में सम्मान समारोह और सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रांची के विधायक सीपी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष आरती बेहरा ने राज्य सरकार से विधवा महिलाओं की पेंशन राशि बढ़ाने की मांग की।

विधवा महिलाओं को भी मिले योजना का लाभ
राष्ट्रीय अध्यक्ष आरती बेहरा ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से झारखंड में रहने वाली 18 से 50 वर्ष की महिलाओं को मईया योजना के तहत हर महीने ढाई हजार रुपये दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड आदिवासी बहुल राज्य है, जहां बड़ी संख्या में विधवा महिलाएं आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रही हैं। ऐसे में उन्हें मिलने वाली एक हजार रुपये की पेंशन राशि बढ़ाकर ढाई हजार रुपये की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि विधवा महिलाओं को भी सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आर्थिक सहायता की जरूरत है। सरकार को उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए पेंशन राशि में बढ़ोतरी करनी चाहिए।
विधानसभा में मुद्दा उठाएंगे सीपी सिंह
कार्यक्रम में मौजूद रांची विधायक सीपी सिंह ने कहा कि मईया योजना के तहत 18 से 50 वर्ष की महिलाओं को मिलने वाली ढाई हजार रुपये की राशि का कोई विरोध नहीं है। लेकिन विधवा महिलाओं की जरूरतों को देखते हुए उन्हें भी ढाई हजार रुपये दिए जाने चाहिए।
सीपी सिंह ने कहा कि वे इस मामले को विधानसभा में जोरदार तरीके से उठाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उनकी मांग है कि पेंशन की राशि हर महीने 1 से 5 तारीख के बीच लाभुकों के खाते में पहुंचाई जाए, ताकि जरूरतमंद महिलाएं समय पर अपनी बुनियादी जरूरतें पूरी कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान संगठन की ओर से सम्मान समारोह और सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।


