रांची: बीआईटी मेसरा के हॉस्टल नंबर-9 में एमएससी फिजिक्स की छात्रा अंजली सुमन की मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार देर रात छात्रा का शव उसके कमरे में मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद बीआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस की शुरुआती जांच में कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। हालांकि, कमरे की तलाशी के दौरान एक डायरी मिली है। पुलिस के अनुसार, डायरी में अंजली ने अपने पारिवारिक हालात और उनसे जुड़ी परेशानियों का जिक्र किया है। पुलिस फिलहाल इसी समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
कॉलेज से लौटने के बाद कमरे में गई थी छात्रा
जानकारी के मुताबिक, अंजली सुमन शुक्रवार शाम कॉलेज से लौटने के बाद अपने हॉस्टल के कमरे में चली गई थी। काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आई तो हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं को संदेह हुआ।
इसके बाद छात्राओं ने इसकी जानकारी कॉलेज प्रबंधन को दी। कमरे की जांच किए जाने पर अंजली अपने कमरे में मृत मिली। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई।
कमरे की जांच में नहीं मिला सुसाइड नोट
सूचना मिलने पर बीआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की। पुलिस को वहां से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। हालांकि, एक डायरी जरूर मिली है, जिसमें छात्रा ने अपने पारिवारिक परिस्थितियों का उल्लेख किया है। पुलिस के अनुसार, डायरी में अंजली ने इन परिस्थितियों को लेकर परेशान होने की बात लिखी है।
फिलहाल पुलिस डायरी में दर्ज बातों समेत छात्रा से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि मौत के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके।
आज को होगा पोस्टमार्टम
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बीआईटी ओपी प्रभारी अजय कुमार दास ने बताया कि फिलहाल मामले में यूडी केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस छात्रा के परिजनों और हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं से भी जानकारी जुटा रही है। मौत की वजह स्पष्ट करने के लिए पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। अंजली सुमन झारखंड के गोड्डा की रहने वाली थी।
इसे भी पढ़े – रांची के ज़ेवियर इंस्टीट्यूट में हुआ ‘मूव फॉर अर्थ सिम्पोजियम 2026’ का आयोजन



