झारखंड हाईकोर्ट को तीन नए न्यायाधीश मिले हैं। केंद्र सरकार ने झारखंड सुपीरियर ज्यूडिशियल सर्विस कैडर के तीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीशों (पीडीजे) को हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त करने की अधिसूचना जारी कर दी है।
कौन हैं नए जज
नियुक्त किए गए न्यायाधीशों में गढ़वा के पीडीजे मनोज प्रसाद, साहिबगंज के पीडीजे अखिल कुमार और डालटनगंज के पीडीजे राम शर्मा शामिल हैं। तीनों अब तक अपने-अपने जिलों में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे।
कॉलेजियम की अनुशंसा पर फैसला
कुछ दिनों पहले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने इन तीनों को झारखंड हाईकोर्ट का न्यायाधीश बनाए जाने की अनुशंसा की थी। कॉलेजियम की इसी सिफारिश के आधार पर केंद्र सरकार ने नियुक्ति का नोटिफिकेशन जारी किया।
13 से बढ़कर 16 हुई जजों की संख्या
अब तक झारखंड हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस एमएस सोनक सहित 13 न्यायाधीश कार्यरत थे। तीन नए जजों की नियुक्ति के बाद यह संख्या बढ़कर 16 हो गई है।
अब भी खाली हैं 9 पद
हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के कुल स्वीकृत पद 25 हैं। इस लिहाज से नई नियुक्तियों के बावजूद अभी 9 पद रिक्त हैं। जजों की संख्या बढ़ने से हाईकोर्ट में लंबित मामलों की सुनवाई में गति आने की उम्मीद की जा रही है।



