रांची के आजाद बस्ती इलाके में शनिवार को नगर निगम की जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम की टीम को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों ने कार्रवाई के दौरान बुलडोजर को रोक दिया, जिससे मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। विरोध के कारण निगम की टीम को कार्रवाई रोकनी पड़ी।
निगम की जमीन पर अवैध बूचड़खाने का मामला
लोअर बाजार थाना क्षेत्र के आजाद बस्ती में नगर निगम की जमीन पर अवैध बूचड़खाने चल रहे हैं। निगम की टीम राजधानी में उन तमाम जगहों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चला रही है, जहां निगम की जमीन पर कब्जा कर अवैध निर्माण किया गया है। शनिवार को टीम इसी जमीन को खाली कराकर अपने कब्जे में लेने पहुंची थी।
तनाव देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
स्थिति बिगड़ती देख आजाद बस्ती में तुरंत अतिरिक्त पुलिस फोर्स भेजा गया। इलाके में फिलहाल भारी पुलिस बल तैनात है। पदाधिकारी अतिक्रमणकारियों को समझाते भी नजर आए।
मजिस्ट्रेट सबा अली सैयद ने क्या कहा
निगम के मजिस्ट्रेट सबा अली सैयद ने बताया कि निगम की जमीन खाली कराने की कार्रवाई की जा रही थी। उन्होंने कहा कि आगे की व्यवस्था के लिए अभी प्रस्ताव तैयार किया जाना है, जिसमें हेल्थ सेंटर और कम्युनिटी से जुड़ी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। उनके मुताबिक फिलहाल निगम का उद्देश्य जमीन को व्यवस्थित और साफ कराना है।
सभी पक्षों से बातचीत के बाद होगा फैसला
मजिस्ट्रेट ने बताया कि आजाद बस्ती की दुकानों और स्थानीय लोगों से जुड़े मुद्दों पर सभी पक्षों के साथ बैठकर बातचीत की जाएगी। क्षेत्र के पार्षद और विधायक समेत संबंधित लोगों से चर्चा के बाद ही अंतिम प्रस्ताव तैयार होगा। इसके बाद पूरे क्षेत्र को व्यवस्थित तरीके से विकसित करने के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बुलडोजर फिलहाल रुका, इलाके में तनाव कायम
फिलहाल बुलडोजर की कार्रवाई रोक दी गई है और इलाके में तनाव बना हुआ है। निगम की जमीन से कब्जा हटाने के लिए अब स्थानीय लोगों के साथ बातचीत होगी, उसके बाद ही कोई आगे का फैसला लिया जाएगा।



