रांची: देशभर में शनिवार को 20वें रोजगार मेले का आयोजन किया गया। देश के 45 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। इस दौरान 51 हजार से ज्यादा चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। रांची के CCL दरभंगा हाउस में भी रोजगार मेले का आयोजन हुआ, जहां 143 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। रांची में आयोजित रोजगार मेले में आठ अलग-अलग विभागों के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया। इनमें रेलवे, डाक विभाग, CBIC, CWC, रक्षा विभाग, CISF, MOSPI और बैंकिंग सेक्टर के अभ्यर्थी शामिल रहे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से रोजगार मेले से जुड़े प्रधानमंत्री
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देशभर में आयोजित रोजगार मेले से जुड़े। उन्होंने नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थियों और उनके परिवारों को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने युवाओं से ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना ही सच्ची सेवा है।
संजय सेठ बोले- अब तक 13 लाख से ज्यादा नियुक्ति पत्र
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि आज गणेश उत्सव का छठा दिन है और इसी दिन देश में 20वां रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि देशभर में करीब 45 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों के जरिए 51 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। इनमें बड़ी संख्या में बेटियां भी शामिल हैं।
संजय सेठ ने कहा कि पहले नियुक्ति पत्र डाक के जरिए आया करता था और लोग डाकिए का इंतजार करते थे। लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए खुद अभ्यर्थियों से जुड़ रहे हैं और रोजगार मेले के माध्यम से नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक आयोजित रोजगार मेलों के जरिए 13 लाख से ज्यादा नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।
इसे भी पढ़े – MMDR संशोधन के विरोध में झामुमो का प्रदर्शन, सांसद जोबा मांझी ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना



