रजनीकांत स्टारर ‘जेलर 2’ की रिलीज डेट जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, मेकर्स एक-एक कर दर्शकों के लिए सरप्राइज पेश कर रहे हैं। अब निर्माताओं ने फिल्म से विद्या बालन की पहली झलक जारी की है। इससे पहले एसजे सूर्या का बोधि और सूरज वेंजारामूडु का दिलीप लुक सामने आ चुका है। विद्या फिल्म में ‘कांथा’ का किरदार निभा रही हैं, जो एक नया और रहस्यमय पात्र है।
टीजर में दिखा विद्या का दमदार अंदाज
टीजर में विद्या नीली साड़ी और काले ब्लाउज में, हाथ में सिगरेट लिए सीढ़ियों से उतरकर एक कमरे में जाती दिख रही हैं। झलक छोटी है, लेकिन इतना साफ है कि कांथा को शांत स्वभाव वाली शख्सियत के रूप में पेश नहीं किया जा रहा। इस सीन में विद्या एक खास अधिकार का भाव दर्शाती हैं, जबकि अनिरुद्ध रविचंदर का संगीत माहौल को और प्रभावशाली बना देता है।
निर्माताओं ने अभी कांथा की कहानी में भूमिका का खुलासा नहीं किया है। हालांकि खबरों के मुताबिक विद्या, मिथुन चक्रवर्ती की सबसे बड़ी बेटी के रोल में होंगी। बताया जा रहा है कि मिथुन फिल्म के मुख्य खलनायक हैं और रजनीकांत के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे।
सोशल मीडिया पर छाया लुक
विद्या का ‘जेलर 2’ लुक सोशल मीडिया पर छा गया है और फैंस उन पर खूब प्यार लुटा रहे हैं। कई लोगों को उनके इस दमदार अंदाज ने फिल्म ‘डर्टी पिक्चर’ के ‘रेशमा’ वाले किरदार की याद दिला दी।
पहली फिल्म का रिकॉर्ड
नेल्सन दिलीपकुमार निर्देशित ‘जेलर’ रिटायर्ड जेलर मुथुवेल पांडियन की कहानी है, जिसकी शांतिपूर्ण जिंदगी बेटे के लापता होने के बाद अस्त-व्यस्त हो जाती है। सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने भारत में 348.55 करोड़ रुपये नेट और दुनियाभर में 604.50 करोड़ रुपये ग्रॉस कलेक्शन किया था। यह 2023 की सबसे बड़ी तमिल हिट फिल्मों में शामिल रही।
स्टारकास्ट और रिलीज
सीक्वल में रजनीकांत मुथुवेल पांडियन के रूप में लौट रहे हैं। राम्या कृष्णन, योगी बाबू, मिर्ना और रित्विक भी अहम किरदारों में वापसी कर रहे हैं। नए कलाकारों में एसजे सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, विद्या बालन, सूरज वेंजारामूडु, अन्ना राजन और जतिन सरना शामिल हैं।
फिल्म में कई कैमियो की भी उम्मीद है। खबरों के अनुसार मोहनलाल, शिव राजकुमार, जैकी श्रॉफ, विजय सेतुपति और ऋतिक रोशन इस प्रोजेक्ट से जुड़े हैं, हालांकि निर्माताओं ने सभी संभावित भूमिकाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ‘जेलर 2’ 15 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
इसे भी पढ़े – 26 से 30 सितंबर तक प्रभावित रह सकती है बैंकिंग सेवा, SBI ने जारी की एडवाइजरी



