रांची में पैसे मांगने को लेकर पिता-पुत्र के बीच हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि पैसे देने से मना करने पर बेटे ने पिता पर नेपाली छुरे से हमला कर दिया। सिर पर वार लगने से पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

घर में पैसे को लेकर हुआ विवाद
मामला चुटिया थाना क्षेत्र के पावर हाउस चुटिया का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय नगेंद्र सिंह अपनी पत्नी बीणा देवी के साथ घर पर थे। इसी दौरान उनका 26 वर्षीय बेटा सोनू सिंह वहां पहुंचा और माता-पिता से पैसे मांगने लगा।
बताया गया है कि पैसे देने से इनकार करने के बाद बेटे और माता-पिता के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सोनू ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपने पिता पर हमला कर दिया।
नेपाली छुरे से सिर पर किया वार
आरोप के मुताबिक, सोनू ने घर में रखे नेपाली छुरे से पिता नगेंद्र सिंह के सिर पर वार कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। घटना के बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी हुई और घायल पिता को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
बताया गया कि लोगों के पहुंचने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलने के बाद चुटिया थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपी बेटे सोनू सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पिता-पुत्र के बीच विवाद की वजह और घटना के पूरे क्रम की भी जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़े: 26 या 27 सितंबर, आखिर कब से शुरू होगा पितृ पक्ष?



