जमशेदपुर: जमशेदपुर में आखिर खुलेआम हो क्या रहा है? शहर में एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं के बीच अब सोनारी के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास दिनदहाड़े फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शनिवार को मॉल के एक रेस्टोरेंट में बैठे चार युवकों को निशाना बनाकर बदमाशों ने करीब 10 से 15 राउंड गोलियां चला दीं। इस फायरिंग में तीन युवक घायल हो गए।

घटना के बाद बिंदल मॉल के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गोलियों की आवाज सुनते ही लोग सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे। आखिर शहर के व्यस्त इलाके में इस तरह खुलेआम फायरिंग की हिम्मत हुई कैसे ?
रेस्टोरेंट में बैठे युवकों पर चलीं गोलियां
जानकारी के मुताबिक, चार युवक बिंदल मॉल के एक रेस्टोरेंट में बैठे हुए थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए अचानक फायरिंग शुरू कर दी। देखते ही देखते कई राउंड गोलियां चलीं और मॉल परिसर में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया।
फायरिंग में तीन युवकों को गोली लगी। घटना के तुरंत बाद घायलों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस, CCTV खंगाल रही टीम
फायरिंग की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के साथ वहां मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की है।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि फायरिंग करने वालों की पहचान की जा सके। फिलहाल हमलावर कौन थे और फायरिंग के पीछे की वजह क्या थी, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
हालांकि, शहर के व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग ने एक बार फिर यह सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि क्या जमशेदपुर में अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं? एक तरफ डकैती जैसी बड़ी वारदात और अब खुलेआम फायरिंग – लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं को लेकर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
UPDATED…
पुलिस ने घटना को लेकर अपडेट जारी करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना आपसी विवाद से जुड़ी प्रतीत हो रही है। पुलिस ने एक आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी समेत अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए सिटी एसपी, पूर्वी सिंहभूम के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई है। टीम की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इसे भी पढ़े – रांची स्टेशन से 4 साल का विवान लापता, CCTV में युवक के साथ जाता दिखा मासूम


