रांची : रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजकुमार प्रसाद के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, हादसा शुक्रवार रात करीब 10 बजे अशोक नगर गेट नंबर-2 के पास हुआ।
बताया जा रहा है कि राजकुमार प्रसाद अशोक नगर से फेरी कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार सफेद-ग्रे रंग की क्रेटा कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। गंभीर रूप से घायल राजकुमार प्रसाद की बाद में मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शव के साथ सड़क पर बैठे परिजन और स्थानीय लोग
बुजुर्ग की मौत के बाद शनिवार को परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आया। लोग शव को लेकर अशोक नगर रोड नंबर-2 के बाहर सड़क पर बैठ गए और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
प्रदर्शन के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि हादसे के जिम्मेदार चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि मामले में उचित कार्रवाई हो सके।
मौके पर पहुंची पुलिस, समझाने का प्रयास
प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। वहीं, स्थानीय लोग आरोपी चालक की पहचान और गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के बाद फरार हुए कार चालक की तलाश की जा रही है।


