त्रिपक्षीय बैठक में बनी सहमति के बाद काम पर लौटेंगे कर्मचारी, 48 घंटे में बकाया वेतन देने और सेवा शर्तों में सुधार का मिला आश्वासन।
रांची: झारखंड में 108 एम्बुलेंस सेवा से जुड़ा गतिरोध आखिरकार समाप्त हो गया है। कई दिनों से जारी कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल रविवार को सरकार और कर्मचारी प्रतिनिधियों के बीच बनी सहमति के बाद खत्म हो गई। इस समझौते के साथ ही एम्बुलेंस संचालन की मौजूदा व्यवस्था में भी बदलाव का रास्ता साफ हो गया है। आने वाले दो महीनों में सम्मान फाउंडेशन को संचालन की जिम्मेदारी से हटाने का निर्णय लिया गया है।
नामकुम स्थित आरसीएच सभागार में आयोजित बैठक में स्वास्थ्य विभाग, सम्मान फाउंडेशन और झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बातचीत के दौरान कर्मचारियों की आर्थिक समस्याओं, नौकरी की सुरक्षा और कार्यस्थल से जुड़ी शिकायतों पर चर्चा हुई। सहमति बनने के बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से निर्णयों को लागू करने के लिए आदेश जारी किए गए।
बकाया वेतन भुगतान के लिए तय हुई समयसीमा
समझौते के तहत कर्मचारियों के पिछले दो महीने के लंबित वेतन का भुगतान अगले 48 घंटे में किया जाना है। भविष्य में वेतन भुगतान की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के लिए एस्क्रो अकाउंट की व्यवस्था भी लागू की जाएगी। इसका उद्देश्य वेतन में देरी और अनियमित कटौती की शिकायतों पर अंकुश लगाना है।
नई कंपनी में पुराने कर्मचारियों को मिलेगी प्राथमिकता
एम्बुलेंस संचालन की जिम्मेदारी संभाल रही सम्मान फाउंडेशन को दो महीने के भीतर हटाने का फैसला लिया गया है। इसके बाद नई एजेंसी का चयन किया जाएगा। नई कंपनी के साथ व्यवस्था शुरू होने पर वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी है। इससे कर्मचारियों के सामने पैदा हुई रोजगार संबंधी अनिश्चितता दूर करने की कोशिश की जाएगी।
बैठक में सेवा सुरक्षा को लेकर भी व्यवस्था तय की गई। अब किसी कर्मचारी के खिलाफ शिकायत आने पर सीधे बर्खास्तगी नहीं की जा सकेगी। संबंधित मामले की जांच एनएचएम की राज्यस्तरीय टीम, जिले के सिविल सर्जन और कर्मचारी संघ की सहभागिता में होगी। जांच के निष्कर्ष के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फरवरी 2025 से अब तक के भुगतान की होगी पड़ताल
कर्मचारियों के वेतन और EPF-ESIC मद में फरवरी 2025 से अब तक हुई कटौती की जांच कराई जाएगी। इसके लिए 30 दिनों की समयसीमा निर्धारित की गई है। जांच में सामने आने वाली बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी है। वहीं, एम्बुलेंस कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए सभी वाहनों में बायोमेट्रिक मशीन लगाने का निर्णय लिया गया है।
समझौते के बाद संघ ने वापस लिया आंदोलन
झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी के अनुसार, बैठक में कर्मचारियों की प्रमुख मांगों पर सकारात्मक निर्णय हुआ है। एनएचएम की ओर से आदेश जारी होने के बाद संघ ने आंदोलन वापस लेने की घोषणा की। इस दौरान संघ ने सरकार, स्वास्थ्य विभाग, मीडिया और आंदोलन में सहयोग देने वाले संगठनों के प्रति आभार जताया।


