खूंटी: जिले की पुलिस व्यवस्था में बड़े स्तर पर बदलाव किया गया है। कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एसपी ने पुलिस महकमे में व्यापक तबादला और नई पदस्थापना की है। अलग-अलग आदेशों के तहत पुलिस निरीक्षक से लेकर आरक्षी स्तर तक कुल 276 पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की ड्यूटी बदली गई है।

इस फेरबदल में कई पुलिस अधिकारियों को थानों और अंचलों की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि बड़ी संख्या में हवलदार और जवानों को थाना, कोर्ट, जेल, पिकेट और सुरक्षा ड्यूटी में तैनात किया गया है।
बाबू बंशी साव बने खूंटी थाना प्रभारी
एसपी कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक पुलिस केंद्र में पदस्थापित पुलिस निरीक्षक बाबू बंशी साव को खूंटी का नया थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं पुलिस निरीक्षक परशुराम पासवान को तोरपा अंचल और अनिल उरांव को खूंटी अंचल में पुलिस निरीक्षक के पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा 14 पुलिस पदाधिकारियों का भी तबादला किया गया है। इनमें पुअनि अनिल कुमार सिंह को मुरहू थाना और पुअनि जय कुमार को खूंटी थाना भेजा गया है।
सअनि लालजी यादव की पदस्थापना तोरपा थाना, अमित भूषण कुजूर की तपकारा थाना और किरीटी भूषण महतो की मुरहू थाना में की गई है। वहीं महिला सअनि मंजु लकड़ा को खूंटी थाना से हटाकर हिन्दी शाखा में पदस्थापित किया गया है।
247 हवलदार और आरक्षियों की भी बदली ड्यूटी
पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ जिला बल के जवानों की तैनाती में भी बड़ा बदलाव किया गया है। एसपी कार्यालय के एक अलग आदेश के तहत डीएपी के 247 हवलदारों और आरक्षियों की नई जगहों पर प्रतिनियुक्ति की गई है।
इन जवानों को खूंटी, तोरपा, कर्रा, रनिया, तपकारा और जरियागढ़ समेत विभिन्न थानों के रिजर्व गार्ड में तैनात किया गया है। इसके अलावा उप-कारा सुरक्षा, व्यवहार न्यायालय, लोधमा पिकेट तथा वीआईपी और प्रशासनिक आवास की सुरक्षा में भी जवानों की नई तैनाती की गई है।
वहीं, इससे पहले जारी एक अन्य आदेश के तहत 12 आरक्षियों को विभिन्न अंचलों और एसडीपीओ कार्यालयों में भेजा गया था।
24 घंटे के भीतर देना होगा योगदान
तबादले के साथ एसपी ने सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को नई जगह पर तत्काल योगदान देने का निर्देश दिया है। आदेश के अनुसार स्थानांतरित कर्मियों को आदेश जारी होने के तुरंत बाद या अधिकतम 24 घंटे के भीतर अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देना होगा।
इसके बाद उन्हें अनुपालन प्रतिवेदन भी सौंपना होगा। बड़े स्तर पर हुए इस फेरबदल के बाद अब जिले के अलग-अलग थानों, पिकेट, न्यायालय और सुरक्षा ड्यूटी में नई तैनाती के मुताबिक पुलिस बल काम करेगा।
इसे भी पढ़े – झारखंड में 1 नवंबर को आयोजित होगी JTET परीक्षा, हाई कोर्ट में JAC ने दी जानकारी; 6 नवंबर तक सुनवाई स्थगित


