रांची: राजधानी रांची में चेन स्नैचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला एचबी रोड का है, जहां रविवार रात बाइक सवार दो युवकों ने एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया। पीछे बैठे युवक ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। महिला ने चेन बचाने के लिए उसे पकड़ लिया, लेकिन स्नैचर ने जोर से खींच दिया। इससे महिला अपना संतुलन खो बैठी और सड़क पर गिरकर घायल हो गई।

घटना के बाद बाइक सवार दोनों युवक चेन लेकर मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
टहलते समय बाइक सवारों ने बनाया निशाना
जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग महिला रविवार रात एक अन्य महिला के साथ एचबी रोड पर टहल रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने मौका देखकर महिला के गले से सोने की चेन झपटने की कोशिश की।
महिला ने तुरंत चेन पकड़ ली और उसे बचाने की कोशिश की। इसी दौरान स्नैचर ने पूरी ताकत से चेन खींच दी। अचानक हुई इस खींचतान में महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ी। गिरने से उसे चोट आई, जबकि दोनों आरोपी चेन लेकर बाइक से फरार हो गए।
CCTV में दिखे दोनों स्नैचर
वारदात के बाद आसपास के लोगों ने महिला की मदद की और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, स्नैचिंग की घटना से जुड़े CCTV फुटेज सामने आए हैं। फुटेज में बाइक सवार दोनों युवक महिला को निशाना बनाते और वारदात के बाद मौके से भागते दिखाई दे रहे हैं।
लोअर बाजार थाना पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का प्रयास है कि आरोपियों तक पहुंचने के साथ छीनी गई सोने की चेन भी बरामद की जा सके।
बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा पर फिर सवाल
रविवार रात सड़क पर टहल रही बुजुर्ग महिला को जिस तरह बाइक सवार युवकों ने निशाना बनाया, उससे इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और घटना से जुड़ी जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
इसे भी पढ़े – जमशेदपुर बिंदल मॉल फायरिंग के 4 साजिशकर्ता रायपुर से गिरफ्तार


