रांची: मोरहाबादी वेंडर मार्केट में दुकानदारों ने सोमवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मार्केट बंद कर दिया था। मार्केट की सभी दुकानें पूरी तरह बंद रहीं। दुकानदारों का कहना है कि लंबे समय से कई समस्याओं को लेकर नगर निगम से शिकायत की जा रही है, लेकिन समाधान नहीं होने के कारण उन्हें दुकानें बंद कर विरोध करना पड़ा।

दुकानदारों ने नगर निगम की वसूली को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि निगम के कर्मचारी और गार्ड मार्केट में दुकानदारों से पैसे की मांग करते हैं। पैसा नहीं देने पर नोटिस दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
पानी, शौचालय और सफाई की समस्या
दुकानदारों का कहना है कि मार्केट में कचरा फेंकने के लिए अब तक समुचित कूड़ेदान की व्यवस्था नहीं की गई है। पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से भी परेशानी होती है।
शौचालय की नियमित सफाई नहीं होने और उससे आने वाली बदबू को लेकर भी दुकानदारों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि बार-बार मांग के बावजूद बड़ा सेफ्टी टैंक नहीं बनाया गया, जिससे टैंक बार-बार भर जाता है। इसके अलावा बर्तन धोने के लिए अलग जगह उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
सिगरेट बेचने और सामान जब्ती को लेकर भी आरोप
दुकानदारों ने आरोप लगाया कि सिगरेट बेचने के नाम पर नगर निगम की ओर से भयादोहन किया जाता है। उनका यह भी आरोप है कि कई बार बिना जब्ती सूची बनाए सामान जब्त कर लिया जाता है।
इन आरोपों के अलावा दुकानदारों ने रोजाना होने वाली बिजली की समस्या पर भी निगम से कार्रवाई की मांग की है। मार्केट में मजबूत बिजली वायरिंग कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग रखी गई है।
किराया बढ़ाने का भी विरोध
दुकानदारों ने मासिक किराया 500 रुपये से बढ़ाए जाने का भी विरोध किया है। उनका कहना है कि पहले से कई समस्याओं से जूझ रहे दुकानदारों पर किराए का अतिरिक्त बोझ नहीं डाला जाना चाहिए।
इसके अलावा एफ-1 से एफ-52 तक की दुकानों में जगह कम होने का मुद्दा भी उठाया गया है। दुकानदारों की मांग है कि दुकानों के सामने उपलब्ध जगह को कम से कम 8 फीट किया जाए, ताकि दुकान संचालन में परेशानी न हो।
स्ट्रीट लाइट से लेकर सुरक्षा तक की मांग
मार्केट की खराब स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त कराने की मांग भी दुकानदारों ने की है। फूड मार्केट की तर्ज पर लोगों के बैठकर खाने के लिए शेड और बेंच बनाने की मांग रखी गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दुकानदारों ने दिन के समय अतिरिक्त महिला गार्ड और रात में अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति की मांग की है।
दुकानदारों का कहना है कि वे मार्केट को बेहतर तरीके से संचालित करने के पक्ष में हैं, लेकिन इसके लिए बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ उनकी समस्याओं का भी समाधान जरूरी है। इन्हीं मांगों को लेकर आज मार्केट पूरी तरह बंद रखा गया है।
इसे भी पढ़े – JHARKHAND DIGITAL EXCLUSIVE: दावे में स्वास्थ्य व्यवस्था पटरी पर, हकीकत में मरीज खटिया पर… आखिर ये कैसी तरक्की?


