रांची: झारखंड की राजधानी रांची को IT और नई तकनीकों के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज होती दिख रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सोमवार को RMZ Infrastructure के President दीपक छाबड़िया ने मुलाकात की। बैठक में रांची में अत्याधुनिक IT Park विकसित करने, Global Capability Centre (GCC) लाने और IT, AI, सेमीकंडक्टर समेत उभरते क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

प्रस्ताव के मुताबिक, 2029 तक रांची में IT Park शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पहले चरण में करीब 20 हजार रोजगार के अवसर तैयार करने और इसके बाद अगले तीन वर्षों में क्षमता बढ़ाकर करीब 75 हजार रोजगार अवसर उपलब्ध कराने की योजना पर चर्चा हुई है।
IIM Ranchi और हाईकोर्ट के आसपास 100 एकड़ जमीन पर विचार
प्रस्तावित IT Park के लिए करीब 100 एकड़ जमीन को संभावित स्थल के तौर पर देखा जा रहा है। यह जमीन IIM Ranchi, नए विधानसभा परिसर और झारखंड हाईकोर्ट परिसर के आसपास होने की बात सामने आई है।
योजना के तहत यहां आधुनिक कार्यालयों के साथ डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और ऐसी सुविधाएं विकसित करने की परिकल्पना है, जिससे देश-विदेश की तकनीकी कंपनियों और संस्थानों को आकर्षित किया जा सके।
IT के साथ AI और सेमीकंडक्टर पर भी फोकस
बैठक में सिर्फ IT Park तक चर्चा सीमित नहीं रही। AI, सेमीकंडक्टर, मैन्युफैक्चरिंग, न्यूक्लियर एनर्जी और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
इसके साथ ही झारखंड में Global Capability Centre (GCC) विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। इसके जरिए वैश्विक कंपनियों के IT, AI और दूसरी हाई-स्किल गतिविधियों को झारखंड से संचालित करने की संभावना पर विचार किया जा रहा है।
स्थानीय युवाओं के लिए हाई-स्किल नौकरियों पर जोर
सरकार की योजना में IT और तकनीकी क्षेत्रों में निवेश के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार झारखंड में आधुनिक IT और तकनीकी इकोसिस्टम तैयार करने की दिशा में काम कर रही है, ताकि निवेश के साथ युवाओं के लिए उच्च-कौशल वाले रोजगार के अवसर भी तैयार हो सकें।
अक्टूबर में बेंगलुरु जाएगी सरकारी टीम
प्रस्तावित IT Park की योजना को आगे बढ़ाने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग का एक प्रतिनिधिमंडल अक्टूबर में बेंगलुरु का दौरा कर सकता है। टीम वहां IT Park, तकनीकी इकोसिस्टम और GCC मॉडल का अध्ययन करेगी।
प्रतिनिधिमंडल IT इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश की व्यवस्था और कंपनियों को मिलने वाली सुविधाओं का भी जायजा लेगा। इस अध्ययन के आधार पर झारखंड में IT Park और उससे जुड़े तकनीकी इकोसिस्टम के लिए आगे की कार्ययोजना तैयार करने में मदद मिलेगी।
RMZ Infrastructure ने दिखाई रुचि
बैठक में RMZ Infrastructure की ओर से झारखंड में IT Park, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और भविष्य की तकनीकों से जुड़े क्षेत्रों में संभावनाओं को लेकर रुचि व्यक्त की गई। दोनों पक्षों के बीच राज्य में तकनीकी और औद्योगिक निवेश के संभावित अवसरों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग की सचिव पूजा सिंघल और झारखंड स्पेस एप्लीकेशंस सेंटर (JSAC) की निदेशक माधवी मिश्रा मौजूद रहीं।
इसे भी पढ़े – भारत-वेस्टइंडीज T20 मैच के टिकट की कीमतें तय, JSCA ने जारी की पूरी सूची…₹1,600 से ₹18,000 तक दाम


