तुलसी पटेल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन, खासमहल भूमि को फ्रीहोल्ड करने और इंडस्ट्रियल एरिया की सुरक्षा के लिए विशेष फोर्स की मांग
रांची। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष तुलसी पटेल के नेतृत्व में चैंबर के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के व्यापार, उद्योग और आर्थिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा।

बैठक में चैंबर की ओर से होल्डिंग टैक्स की व्यवस्था की समीक्षा, कर आधार बढ़ाने, खासमहल भूमि को चरणबद्ध तरीके से फ्रीहोल्ड करने और ट्रेड लाइसेंस व्यवस्था की समीक्षा जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। इसके अलावा मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रत्येक तीन महीने में राज्य स्तरीय औद्योगिक समीक्षा बैठक आयोजित करने का सुझाव भी दिया गया।
औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए विशेष फोर्स की मांग
चैंबर ने राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया। प्रतिनिधिमंडल ने औद्योगिक क्षेत्रों और वहां काम करने वाले व्यवसायियों की सुरक्षा के लिए झारखंड इंडस्ट्रियल एरिया सिक्योरिटी फोर्स के गठन की मांग रखी। चैंबर का कहना है कि औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार के लिए सुरक्षित कारोबारी माहौल जरूरी है।
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि सरकार, प्रशासन और व्यवसायी वर्ग के बीच लगातार संवाद से ही राज्य में औद्योगिक विकास को गति दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि कारोबारी और उद्यमी तभी अपनी पूरी क्षमता के साथ निवेश और व्यापार कर पाएंगे, जब उन्हें बेहतर कारोबारी माहौल के साथ सुरक्षा और प्रशासनिक सहयोग भी मिले।
लॉ एंड ऑर्डर के मुद्दे पर चिंता जताते हुए उन्होंने हाल के दिनों में जमशेदपुर में हुई बैंक लूट और गोलीकांड जैसी घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कारोबारियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया, ताकि व्यापारी बिना भय के अपना कारोबार कर सकें।
ट्रेड लाइसेंस खत्म करने की मांग
बैठक के दौरान चैंबर अध्यक्ष ने ट्रेड लाइसेंस व्यवस्था को वर्तमान समय में औचित्यहीन बताते हुए इसे समाप्त करने पर विचार करने का आग्रह किया। उनका कहना था कि व्यापारियों पर अनावश्यक प्रक्रियात्मक और वित्तीय बोझ कम करने की दिशा में सरकार को विचार करना चाहिए।
खासमहल भूमि मामले में कमेटी गठित करने का आश्वासन
विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने खासमहल भूमि से जुड़े मुद्दे को गंभीर बताते हुए इसके समाधान की दिशा में पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि खासमहल भूमि की समस्या और फ्रीहोल्ड प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए एक कमेटी गठित कर पूरे मामले की समीक्षा कराने का प्रयास किया जाएगा। समीक्षा के बाद इस विषय को विधानसभा में भी रखने की बात उन्होंने कही।
विधानसभा अध्यक्ष ने व्यापार और उद्योग से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी विधानसभा के माध्यम से मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कर आवश्यक पहल का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल के अलावा उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, सह सचिव अमित शर्मा, सह सचिव पूजा ढाढा और कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग शामिल थे।


