केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रिश्वतखोरी के मामले में वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के एक सीनियर ओवरसीयर (सिविल) को गिरफ्तार किया है। सीबीआई के मुताबिक, आरोपी ने एक ठेकेदार से उसके काम के तीसरे बिल का भुगतान जारी करने के बदले 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपी को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अधिकारी की पहचान गोकुल मुरपार सब एरिया, उमरेड एरिया, WCL के सीनियर ओवरसीयर (सिविल) के रूप में हुई है। सीबीआई ने 30 सितंबर 2026 को इस मामले में केस दर्ज किया था।
25.35 लाख के बिल के भुगतान के बदले मांगे थे 50 हजार
सीबीआई के अनुसार, शिकायतकर्ता को WCL की ओर से पिरवा गांव के पुनर्वास स्थल पर दो बोरवेल बनाने और सबमर्सिबल पंप लगाने का काम दिया गया था। इसके साथ पेयजल आपूर्ति के लिए इंटरनल मेन लाइन और डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन भी बिछाई जानी थी।
आरोप है कि इसी काम के तीसरे बिल का भुगतान जारी करने के बदले आरोपी अधिकारी ने 25,35,693 रुपये के कुल बिल का 2 प्रतिशत यानी 50 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर मांगे थे।
सीबीआई ने बिछाया जाल, 40 हजार लेते पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने 30 सितंबर को ट्रैप कार्रवाई की। एजेंसी के मुताबिक, आरोपी अधिकारी को 40 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
सीबीआई ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। एजेंसी ने कहा है कि जांच जारी है।


