सरायकेला: सरायकेला में बैंक ऑफ इंडिया में चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। डीसी कार्यालय के पीछे स्थित बैंक के मुख्य गेट का ताला तोड़कर चोरों ने अंदर घुसने का प्रयास किया, लेकिन बैंक के भीतर पहुंचने से पहले ही उन्हें पीछे हटना पड़ा। राहत की बात रही कि चोर बैंक के अंदर तक नहीं पहुंच सके।
शनिवार सुबह बैंक का ग्रिल और मुख्य गेट का ताला टूटा मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शुक्रवार देर रात करीब एक बजे तक सरायकेला थाना पुलिस की गश्ती गाड़ी इलाके में लगातार गश्त कर रही थी और कई बार सायरन बजा। लोगों का कहना है कि पुलिस की चार-पांच बार हुई गश्त और सायरन की आवाज के कारण चोरों के कदम रुक गए। ताला तोड़ने के बाद भी वे बैंक के अंदर दाखिल नहीं हो सके।
इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि बैंक जैसे संवेदनशील संस्थान में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं और ताले भी मजबूत नहीं हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुलिस की सतर्क गश्त से बड़ी वारदात टल गई, लेकिन इस घटना ने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
इसे भी पढ़े – पाकुड़ में किराना दुकान पर बदमाशों का धावा, दुकानदार पर फायरिंग…CCTV में कैद हुई पूरी घटना


