पाकुड़: पाकुड़िया थाना क्षेत्र के मोहलपहाड़ी गांव में शुक्रवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने किराना दुकान में घुसकर लूटपाट की कोशिश की। बदमाशों ने पहले दुकान के स्टाफ के साथ मारपीट की और फिर दुकानदार महेश गुप्ता पर गोली चला दी। हालांकि, महेश गुप्ता बाल-बाल बच गए। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
बताया जा रहा है कि चार से पांच बदमाश मोटरसाइकिल से दुकान पर पहुंचे थे। अंदर घुसते ही उन्होंने स्टाफ के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक बदमाश ने दुकानदार को निशाना बनाकर फायरिंग की। महेश गुप्ता ने खुद को बचाते हुए बदमाशों का विरोध किया और लाठी से जवाब देने की कोशिश की।
इसी बीच दुकान के स्टाफ के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे। लोगों को जुटता देख बदमाश वहां से भाग निकले। जाते समय उन्होंने दुकान का शटर भी गिरा दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही घटना के पीछे की वजह और लूट की कोशिश से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़े – JHARKHANDDIGITAL EXCLUSIVE: पाकुड़ के होटल में ठहरे मालदा के 26 जिप सदस्य, बंगाल पुलिस पहुंचते ही हंगामा


