Saturday, November 21

1100 गौवंश की हो रही सेवा, जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए तैयार हो रही वर्मी कम्पोस्ट; राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दानदाताओं और सहयोगियों को किया सम्मानित

रांची: गौ सेवा, श्रद्धा और सामाजिक समर्पण के भाव के साथ रांची गौशाला न्यास का 122वां वार्षिक श्रीकृष्ण गोपाष्टमी महोत्सव भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर गौ भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। पूरे दिन गौ माता की पूजा-अर्चना, दर्शन और तुलादान के कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं, बच्चों की सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं, दानदाताओं के सम्मान समारोह, भजन संध्या और श्रीकृष्ण रासलीला ने महोत्सव को विशेष आकर्षण प्रदान किया। कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने गौशाला न्यास के 122 वर्षों के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

महोत्सव का शुभारंभ कार्यक्रम संयोजक मनीष लोधा ने सपरिवार विधि-विधान से गणेश पूजन कर किया। इसके बाद गौ माता की पूजा, दर्शन और तुलादान का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। न्यास के मंत्री प्रदीप राजगढ़िया ने बताया कि महोत्सव को लेकर व्यापक तैयारियां की गई थीं, ताकि अधिक से अधिक गौ भक्त इसमें शामिल होकर गौ सेवा और धार्मिक आयोजन का हिस्सा बन सकें।

राज्यपाल ने कहा- 122 वर्षों से गौ सेवा करना बड़ी उपलब्धि

शाम छह बजे से दानदाताओं, सहयोगियों और विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दानदाताओं को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि 122 वर्षों से रांची गौशाला का इतने सुंदर और सुव्यवस्थित तरीके से संचालन होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। इसमें जुड़े सभी गौसेवक तन, मन और धन से निःस्वार्थ भाव से सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में गौशाला में लगभग 1100 गौवंश की सेवा जिस समर्पण के साथ की जा रही है, वह अत्यंत सराहनीय है।

राज्यपाल ने गौशाला द्वारा जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए वर्मी कम्पोस्ट तैयार करने की पहल की भी प्रशंसा की। उन्होंने मात्र 10 रुपये में छह रोटी, सब्जी और अचार उपलब्ध कराने की सेवा को भी समाज के प्रति गौशाला के सेवा भाव का उदाहरण बताया।

12 स्थानों पर हुई गौ माता की पूजा

रांची शहर के विस्तार और गौ भक्तों की सुविधा को देखते हुए इस बार शहर के 12 अलग-अलग स्थानों पर गाय और बछड़े सहित गौ पूजन की व्यवस्था की गई थी। सुबह सात बजे से दस बजे तक श्रद्धालुओं ने इन केंद्रों पर पहुंचकर गौ माता की पूजा-अर्चना की।

इनमें चांदनी चौक कांके रोड, बसंत बिहार कांके रोड, श्रीकृष्णा नगर कॉलोनी रातू रोड, हरिओम टावर सर्कुलर रोड, दुर्गा मंदिर बकरी बाजार, श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर सेवा सदन पथ, सीएन होंडा शोरूम बरियातू रोड, बरियातू हाउसिंग कॉलोनी, श्री राणी सती मंदिर रातू रोड, चुटिया धर्मशाला, सहजानंद चौक हरमू रोड और ब्लेयर अपार्टमेंट मेन रोड शामिल रहे।

बच्चों की प्रतियोगिताओं और भजन संध्या ने मोहा मन

महोत्सव के तहत अपराह्न तीन बजे से बच्चों के लिए चित्रकला, एकल नृत्य और सामूहिक नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक इसमें हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन मारवाड़ी युवा मंच रांची समर्पण शाखा ने किया।

इसके बाद गोवर्धन, मथुरा से आए सुप्रसिद्ध भजन गायक राजेश प्रसाद शर्मा और उनकी टीम ने भजन एवं श्रीकृष्ण रासलीला की प्रस्तुति दी। ‘गइया लगे मोहे प्यारी जग पालन हारी’ और ‘जाके घर होवे गाय, बाके भाग्य को सराहे’ जैसे भजनों पर गौ भक्त भावविभोर हो उठे। पूरे आयोजन में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।

गौ सेवा से मिलती है आत्मीय संतुष्टि: पुनीत पोद्दार

रांची गौशाला न्यास के अध्यक्ष पुनीत कुमार पोद्दार ने समाज के सभी वर्गों, गौ भक्तों और दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और उत्साहपूर्ण सहभागिता से महोत्सव सफल हुआ है। गौ सेवा से आत्मीय संतुष्टि मिलती है। उन्होंने विश्वास जताया कि समाज के इसी सहयोग और समर्पण से रांची गौशाला न्यास भविष्य में आत्मनिर्भर बनकर गौ सेवा के कार्यों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

वहीं, उपाध्यक्ष सह न्यासी अध्यक्ष रतन जालान ने कहा कि गौ माता की सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। उन्होंने लोगों से अपने जीवन में गौ सेवा को स्थान देने की अपील की।

न्यास के पदाधिकारियों और सदस्यों का रहा योगदान

महोत्सव को सफल बनाने में उपाध्यक्ष सह न्यासी अध्यक्ष रतन जालान, ट्रस्टी ओम प्रकाश छापड़िया, शत्रुघ्न लाल गुप्ता, राजकुमार टिबड़ेवाल, सतीश कुमार तुलस्यान, राजकुमार केडिया, किशोरी लाल चौधरी, सज्जन सर्राफ, अध्यक्ष पुनीत कुमार पोद्दार, मंत्री प्रदीप राजगढ़िया, कोषाध्यक्ष दीपक पोद्दार, उपाध्यक्ष एसएन राजगढ़िया, उपमंत्री सुरेश कुमार जैन, राजेंद्र बंसल सहित कार्यकारिणी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इसके अलावा भानु जालान, काशी प्रसाद कनोई, आनंद पसारी, हेमेंद्र सिंह, भरत बगड़िया, पवन केडिया, प्रकाश काबरा, घनश्याम शर्मा, विमल जैन, सुशील केडिया, अनुपम गाड़ोदिया, विजय खोवाल, सतीश अग्रवाल और मनोज अग्रवाल ने भी सहयोग दिया। कार्यक्रम की जानकारी न्यास के प्रवक्ता मनीष लोधा ने दी। वहीं, महोत्सव के संयोजक मनीष लोधा और सह संयोजक अमित चौधरी ने रांचीवासियों, गौ भक्तों एवं सभी दानदाताओं के प्रति आभार जताया।

Share.
Next Story
रिम्स जमीन घोटाले में बड़ा धमाका! जमीन के खेल में फंसे छह सरकारी अधिकारी गिरफ्तार, भू-सुधार से निबंधन कार्यालय तक भ्रष्टाचार का नेटवर्क बेनकाब!
Exit mobile version