लातेहार: जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में बुधवार अहले सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में युवक की जान चली गई। देवनदिया गांव के समीप रेलवे लाइन पर युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गौतम तुरी के रूप में हुई है, जो पेशरार थाना क्षेत्र के चैनपुर बरटोला का रहने वाला था।
मिली जानकारी के अनुसार, गौतम अपने ननिहाल देवनदिया गांव आया हुआ था और नाना के घर पर रह रहा था। बुधवार की सुबह वह शौच के लिए रेलवे लाइन की ओर गया था। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद चंदवा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के पैतृक गांव और ननिहाल में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में गौतम कुछ दिनों के लिए आया था, वहां अब मातम पसरा हुआ है।


