चतरा: मयूरहंड थाना क्षेत्र के पाचघारा निवासी मनोरंजन सिंह सोमवार को जमीन विवाद से परेशान होकर करमा स्थित करीब 40 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गए। टावर के ऊपर पहुंचकर उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उनकी जमीन से संबंधित समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वह टावर से कूदकर अपनी जान दे देंगे।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और प्रशासन को दी। मनोरंजन सिंह का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर वह लंबे समय से परेशान हैं। उनका आरोप है कि मामले को लेकर बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का उचित समाधान नहीं हो सका। इसी से क्षुब्ध होकर उन्होंने मोबाइल टावर पर चढ़ने का कदम उठाया।
मांग पूरी होने तक नीचे उतरने से इनकार
मनोरंजन सिंह को टावर से नीचे उतारने के लिए स्थानीय लोगों ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़े रहे। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के साथ ही युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया।
घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। युवक को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट गए, जिसे देखते हुए पुलिस ने भी सतर्कता बरती।
सीओ पर लापरवाही का आरोप
मनोरंजन सिंह की ओर से जमीन विवाद के मामले में अंचल स्तर पर उचित कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया है। उनका कहना है कि लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने के कारण वह इस स्थिति तक पहुंच गए।
हजारीबाग के बाद चतरा में दूसरा मामला
बताया जा रहा है कि हजारीबाग के बाद चतरा जिले के मयूरहंड अंचल में जमीन विवाद को लेकर किसी व्यक्ति के मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने का यह दूसरा मामला सामने आया है।
ग्रामीणों का कहना है कि जमीन से जुड़े विवादों का समय पर और निष्पक्ष समाधान नहीं होने से लोग तनाव की स्थिति में पहुंच रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे मामलों में त्वरित पहल कर विवादों के समाधान की मांग की है।
इसे भी पढ़े – कराटे के दांव-पेंच से लेकर नए नियमों तक, रांची में खिलाड़ियों का विशेष प्रशिक्षण


