खूंटी: दोस्तों के साथ ताश खेलने के दौरान शुरू हुई कहासुनी का अंत एक युवक की हत्या से हुआ। खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र के बांदापीढ़ी गांव में बुधवार रात विवाद के बाद सबरण मुंडा ने फरसे से हमला कर 27 वर्षीय महेंद्र शोले की हत्या कर दी। वारदात के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतक की पहचान हूंठ गांव निवासी चमरा मुंडा के पुत्र महेंद्र शोले (27) के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी की पहचान सबरण मुंडा के रूप में की गई है। घटनास्थल पर शव के पास खून से सना फरसा भी मिला।
साप्ताहिक बाजार के बाद ताश खेलने के दौरान बढ़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को हेमरोम में साप्ताहिक बाजार लगा था। बाजार करने के बाद महेंद्र अपने दोस्तों के साथ सबरण मुंडा के घर के पास बैठकर ताश खेल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर ताश खेल रहे लोगों और सबरण के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
बताया जाता है कि कुछ लोग सबरण को किसी बात पर चिढ़ा रहे थे। इसी बात को लेकर गाली-गलौज होने लगी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला जानलेवा हमले तक पहुंच गया।
घर से फरसा लाकर गर्दन पर किए कई वार
कहासुनी से नाराज सबरण मुंडा घर के अंदर गया और फरसा लेकर बाहर आया। वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उसने महेंद्र की गर्दन पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण महेंद्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण वहां पहुंचे। हत्या की खबर से गांव में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ा, पुलिस ने भेजा जेल
महेंद्र के पिता चमरा मुंडा ने बताया कि उन्हें फोन पर बेटे की हत्या की सूचना मिली थी। वहीं, मृतक के चचेरे भाई राहुल शोले के मुताबिक, महेंद्र की किसी के साथ पुरानी दुश्मनी या रंजिश नहीं थी।
सूचना मिलने पर अड़की थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी प्रवीण तिवारी के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। इसके बाद गुरुवार शाम उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हत्या की वजह ताश खेलने के दौरान हुई कहासुनी और गाली-गलौज ही थी या विवाद के पीछे कोई दूसरी वजह भी थी।
इसे भी पढ़े – झारखंड भाजपा के सम्मान पर कालिख पोत दिया भाजपा नेताओं ने..24 घंटे भी नहीं टिका विकसित भारत संकल्प सेवा का बोर्ड
