स्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर झारखंड की राजनीति तेज हो गयी है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने इस विधेयक के विरोध में ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के सभी सहयोगी दलों, विशेषकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से एकजुट होकर आगे आने की अपील की है। कांग्रेस का मानना है कि यह विधेयक झारखंड में आदिवासी समुदाय के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को कमजोर कर सकता है।
रविवार, 29 नवंबर को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं एआईसीसी के झारखंड प्रभारी के. राजू ने विधेयक के प्रावधानों पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कानून में राज्य की विधानसभा और संसदीय सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि की बात है, लेकिन आदिवासियों के लिए आरक्षित सीटों को उसी अनुपात में बढ़ाने के लिए किसी संवैधानिक संशोधन का स्पष्ट प्रावधान नहीं किया गया है। कांग्रेस के अनुसार, आदिवासी हिस्सेदारी बरकरार रखने के लिए राज्य में आरक्षित सीटों की संख्या 28 से बढ़ाकर 42 करना अनिवार्य है।
के. राजू ने झामुमो का आह्वान करते हुए कहा कि यह केवल गठबंधन धर्म का नहीं, बल्कि आदिवासी सशक्तीकरण की रक्षा का सवाल है। साथ ही, कांग्रेस ने प्रधानमंत्री द्वारा चयनित न्यायाधीश, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार व राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों वाले प्रस्तावित परिसीमन आयोग की निष्पक्षता और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दुरुपयोग की आशंका जताते हुए सभी विपक्षी दलों से इसके विरोध की अपील की है।
