Wednesday, November 11
रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। चार दिवसीय महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों पर किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन और नगर निगम ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी है। बुधवार को डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने शहर के 12 प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। वहीं, नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने भी निगम की टीम के साथ विभिन्न तालाबों का जायजा लेकर सफाई, रोशनी और घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर होगी बैरिकेडिंग

डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने हातमा, कांके डैम, मधुकम, हटनिया, बड़ा तालाब, जेल तालाब, चडरी, अरगोड़ा, धुर्वा, बटन तालाब, बनस तालाब (चुटिया) और पावर हाउस तालाब स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों से बातचीत कर तैयारियों की जानकारी ली। डीसी ने साफ कहा कि घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

पानी की गहराई को देखते हुए उन्होंने तीन फीट के बाद बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित सीमा से आगे न जा सकें। गहरे और खतरनाक जल वाले स्थानों को चिह्नित कर चेतावनी संकेतक लगाने तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित क्षेत्र में ही अर्घ्य देने के लिए जागरूक करने को कहा गया। संवेदनशील घाटों पर NDRF और SDRF की टीमें तैनात रहेंगी। इसके अलावा गोताखोरों और बचाव दल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उनके मोबाइल नंबर पूजा समितियों के साथ साझा करने का निर्देश दिया गया।

घाटों पर फिटकरी, हाई मास्ट लाइट और विशेष सफाई की तैयारी

इधर, नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने एदलहातू तालाब, बड़गाईं तालाब और पीएचईडी तालाब का निरीक्षण कर निगम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने घाटों पर फिटकरी डालने, विशेष साफ-सफाई कराने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही हाई मास्ट लाइट लगाने, पेड़ों की छंटाई और पेंटिंग का काम समय पर पूरा करने को कहा।

नगर आयुक्त ने घाटों तक पहुंचने वाले संपर्क रास्तों को कंकड़-पत्थर और कचरे से पूरी तरह मुक्त रखने पर विशेष जोर दिया। इसका उद्देश्य यह है कि छठ व्रतियों को नंगे पैर घाट तक पहुंचने और अर्घ्य अर्पित करने में कोई परेशानी न हो। उन्होंने सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर घाटों को स्वच्छ, सुरक्षित और रोशनी से जगमग बनाने का निर्देश दिया।

नगर निगम क्षेत्र से बाहर के घाटों पर भी होगी व्यवस्था

डीसी ने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को समतल और सुगम बनाने, फिसलन वाले स्थानों को सुरक्षित करने तथा बिजली और रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। नगर निगम क्षेत्र के बाहर स्थित घाटों पर भी सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी करने को कहा गया है।

डोरंडा में मां काली के दर्शन कर मांगा आशीर्वाद

छठ घाटों की तैयारियों के बीच डीसी मंजूनाथ भजन्त्री डोरंडा स्थित मां काली पूजा पंडाल भी पहुंचे। यहां उन्होंने मां काली के दर्शन कर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की। पूजा समिति के सदस्यों ने काली पूजा के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन में जिला प्रशासन की ओर से मिले सहयोग के लिए आभार जताया। डीसी ने सभी को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, सदर एसडीओ कुमार रजत, एडीएम धनंजय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और पूजा समितियों के सदस्य मौजूद रहे। नगर आयुक्त के निरीक्षण में वार्ड पार्षदों के साथ निगम के अभियंता, नगर प्रबंधक और छठ पूजा समितियों के सदस्य शामिल हुए।

Share.
Next Story
निशा भगत मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग सख्त, डीजीपी से मांगा था मिलने का समय; पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल
Exit mobile version