Wednesday, November 11
रांची: दिवाली और छठ महापर्व के दौरान रेलवे स्टेशनों पर बढ़ती यात्रियों की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ज्योति शर्मा ने पहल की है। उन्होंने रेलवे बोर्ड के चेयरमैन और रेल मंत्रालय को ई-मेल के माध्यम से पत्र भेजकर झारखंड और बिहार के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने की मांग की है। ज्योति शर्मा ने पत्र में कहा है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे को पहले से व्यापक तैयारी करनी चाहिए, ताकि भीड़ के कारण किसी तरह की दुर्घटना या अप्रिय घटना न हो।

रिपोर्ट के अनुसार, रांची रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन करीब 65 हजार यात्रियों की आवाजाही होती है। त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने से जनरल कोच में अत्यधिक भीड़ हो रही है। यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने में परेशानी हो रही है। ज्योति शर्मा ने बिहार के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी इसी तरह की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए रेलवे प्रशासन से समय रहते कदम उठाने का आग्रह किया है।

रेलवे के सामने रखे आठ सुझाव

ज्योति शर्मा ने अपने पत्र में यात्री सुरक्षा के लिए आठ प्रमुख सुझाव दिए हैं। उन्होंने प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू करने, यात्रियों की मांग के अनुसार अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने और ट्रेनों में कोच की संख्या बढ़ाने की मांग की है। इसके अलावा प्लेटफॉर्म, प्रवेश-निकास द्वार और फुटओवर ब्रिज पर पर्याप्त RPF और GRP जवानों की तैनाती का सुझाव दिया है।

उन्होंने CCTV कैमरों के जरिए लगातार निगरानी और यात्रियों की भीड़ की रियल टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है।

महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था

पत्र में ज्योति शर्मा ने यात्रियों की बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा भी उठाया है। उन्होंने पर्याप्त पेयजल, मेडिकल सहायता, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और प्रतीक्षालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सहायता उपलब्ध कराने का सुझाव दिया है।

उन्होंने आपात स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी रिस्पांस टीम तैयार रखने और सुरक्षित निकासी की व्यवस्था करने की भी मांग की है। इसके अलावा संबंधित रेलवे मंडलों को संयुक्त निरीक्षण कर भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करने और व्यवस्था लागू करने की जिम्मेदारी तय करने का आग्रह किया है।

छोटे स्टेशनों पर भी हो सुरक्षा के इंतजाम

ज्योति शर्मा ने रेलवे बोर्ड को भेजे पत्र में यह भी स्पष्ट किया है कि भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था केवल बड़े रेलवे जंक्शनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। छोटे और मध्यवर्ती स्टेशनों पर भी यात्रियों की संख्या के अनुसार जरूरी इंतजाम किए जाने चाहिए। उन्होंने वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों को नियमित निगरानी की जिम्मेदारी देने और व्यवस्था लागू करने में जवाबदेही तय करने की मांग की है।

अपने पत्र के अंत में ज्योति शर्मा ने रेलवे बोर्ड और रेल मंत्रालय से सभी संबंधित रेलवे जोन और मंडलों को तत्काल निर्देश जारी करने का आग्रह किया है, ताकि दिवाली और छठ के दौरान यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।

Share.
Next Story
धनबाद में स्विमिंग पूल में छठ व्रती देंगी भगवान भास्कर को अर्घ्य
Exit mobile version