मौके पर IG शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि इस तरह के आयोजन पुलिस और मीडिया के बीच आपसी सहभागिता और बेहतर समन्वय को मजबूत करते हैं। खेल में केवल जीत और हार मायने नहीं रखती, बल्कि आपसी मेलजोल और खेल भावना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने आयोजन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और मीडिया कर्मियों को बधाई दी।
खेल से मिलती है अनुशासन और आपसी सम्मान की सीख
डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि पुलिस और मीडिया के लोग अपने काम के दौरान काफी व्यस्त और तनावपूर्ण दिनचर्या से गुजरते हैं। ऐसे में मैत्री मैच सभी को कुछ समय साथ बिताने और सकारात्मक माहौल में जुड़ने का अवसर देते हैं। खेल हमें अनुशासन, विनम्रता और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की सीख देता है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य जीत-हार से ज्यादा आपसी सौहार्द और फिटनेस को बढ़ावा देना है। डीसी ने सफल आयोजन के लिए पुलिस अधीक्षक और उनकी टीम को बधाई दी। साथ ही पुलिस लाइन मैदान में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर तालमेल पर जोर
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन आगे भी होने चाहिए, ताकि पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर तालमेल बना रहे। दोनों संस्थाएं आपसी सहयोग से जिले के विकास में सकारात्मक योगदान दे सकती हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को छठ महापर्व और आगामी झारखंड स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भी दी गईं। मौके पर चास की अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा, एएसपी चास वेदांत शंकर, मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार, सार्जेंट मेजर समेत पुलिस पदाधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
