डीसी अजय नाथ झा के निर्देश पर फुसरो नगर परिषद और चास नगर निगम की टीम कर रही साफ-सफाई, कचरे का उठाव कर परिसर को बनाया जा रहा स्वच्छ
बोकारो: लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव-2026 के सफल आयोजन और समापन के बाद अब मेला परिसर की साफ-सफाई का अभियान तेज कर दिया गया है। महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और आगंतुकों के पहुंचने के कारण परिसर और आसपास के क्षेत्रों में फैले कचरे को हटाने का काम किया जा रहा है। उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर फुसरो नगर परिषद और चास नगर निगम की टीमें सफाई अभियान में जुटी हुई हैं।
मेला परिसर में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की जा रही है। इसके तहत जगह-जगह जमा कचरे का उठाव और अपशिष्ट का निष्पादन किया जा रहा है, ताकि पूरे परिसर को फिर से स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सके। नगर निकायों की टीमें आसपास के क्षेत्रों में भी सफाई कार्य कर रही हैं।
उपायुक्त ने संबंधित नगर निकायों को महोत्सव के समापन के बाद मेला क्षेत्र में नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्रशासन का जोर है कि महोत्सव के सफल आयोजन के साथ-साथ उसके बाद भी परिसर की स्वच्छता और व्यवस्था बनी रहे।
