नई दिल्ली। Apple की नई iPhone 18 सीरीज को लेकर ग्राहकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की बिक्री शुरू होने से पहले ही दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु समेत कई शहरों में Apple Store के बाहर लंबी कतारें लग गईं। कई ग्राहक रात से ही स्टोर के बाहर पहुंचकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
दिल्ली के साकेत स्थित Select Citywalk Mall के Apple Store के बाहर सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्राहक जमा हो गए। एक ग्राहक अजय ने बताया कि उन्होंने iPhone 18 Pro Max का 1TB मॉडल पहले से बुक किया है और इसे सबसे पहले लेने के लिए स्टोर पहुंचे हैं। उनके पास फिलहाल iPhone 17 Pro है।
वहीं, टेक रिव्यू चैनल चलाने वाले सूरज चौहान ने बताया कि उन्होंने पिछली बार iPhone 17 Pro खरीदा था और अब iPhone 18 Pro Max लेने पहुंचे हैं। उन्होंने नए फोन में कैमरा और क्वालिटी में सुधार की उम्मीद जताई।
मुंबई में रात 10 बजे से कतार
मुंबई में भी नए iPhone को लेकर लोगों में उत्साह नजर आया। एक ग्राहक ने बताया कि वे पूरी रात स्टोर के बाहर इंतजार करते रहे। नासिक से मुंबई पहुंचे हितेश पटेल ने बताया कि वह रात करीब 10 बजे से लाइन में लगे हैं और उन्हें सुबह 8 बजे का स्लॉट मिला है। उन्होंने कहा कि वह हर साल अपना मोबाइल बदलते हैं और फिलहाल उनके पास iPhone 17 Pro Max है।
iPhone 18 सीरीज को लेकर ग्राहकों की मुख्य उम्मीदें कैमरा, परफॉर्मेंस और बैटरी लाइफ में सुधार को लेकर हैं। बिक्री शुरू होने से पहले Apple Store के बाहर लगी कतारों ने नए मॉडल के प्रति ग्राहकों की दिलचस्पी को दिखाया है।
