आईआईटी खड़गपुर के उद्यमिता प्रकोष्ठ और एसबीयू के आईआईसी की संयुक्त पहल….. विशेषज्ञों ने बताए बिजनेस आइडिया, पूंजी प्रबंधन, फंडिंग और बाजार की चुनौतियों से निपटने के तरीके
रांची। सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) में गुरुवार को उद्यमिता जागरूकता अभियान 2026 का आयोजन किया गया। आईआईटी खड़गपुर के उद्यमिता प्रकोष्ठ और सरला बिरला विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (आईआईसी) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में स्टार्टअप जगत से जुड़े विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं को नए व्यावसायिक विचार विकसित करने, बाजार की जरूरतों को समझने और सफल उद्यम खड़ा करने के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्योरश डेली फूड्स के सह-संस्थापक एवं निदेशक मनीष पीयूष, ओज़ू मुंबई के संस्थापक एवं सीईओ परमवीर सिंह, प्योरश डेली फूड्स के सह-संस्थापक आदित्य कुमार, कलाम एकेडमी के संस्थापक विकास मिश्रा और टेकटॉर्च सॉल्यूशंस के संस्थापक सिद्धार्थ पाठक बतौर वक्ता शामिल हुए। वक्ताओं ने स्टार्टअप विकास, बाजार में मौजूद संभावनाओं और कमियों की पहचान, बिजनेस रणनीति, नवाचार तथा समस्या-समाधान जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
रोजमर्रा की समस्याओं में छिपे हैं सफल स्टार्टअप के अवसर
सत्र के दौरान परमवीर सिंह ने कहा कि सफल स्टार्टअप शुरू करने के लिए हमेशा किसी बड़े आविष्कार की जरूरत नहीं होती। रोजमर्रा की जिंदगी में आने वाली छोटी-छोटी समस्याओं का प्रभावी समाधान भी एक सफल व्यवसाय का आधार बन सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने आसपास की जरूरतों को समझने और उन पर नए विचार विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, मनीष पीयूष ने स्टार्टअप की सफलता में पूंजी प्रबंधन और सही व्यावसायिक रणनीति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी उद्यम को आगे बढ़ाने के लिए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग और योजनाबद्ध तरीके से काम करना जरूरी है।
स्टार्टअप फंडिंग और सरकारी योजनाओं पर हुई चर्चा
कार्यक्रम में स्टार्टअप के लिए फंडिंग के अवसरों, एंजेल निवेशकों, सरकारी पहलों और स्टार्टअप कुंभ जैसे विषयों पर पैनल चर्चा आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों को स्टार्टअप शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए उपलब्ध वित्तीय विकल्पों तथा संभावित सहयोग के बारे में जानकारी दी गई।
इसके अलावा इंटरैक्टिव प्रश्नोत्तर सत्र और आइडिया-पिचिंग सत्र भी आयोजित किए गए। इसमें विद्यार्थियों ने अपने व्यावसायिक विचार विशेषज्ञों के सामने रखे और उन पर सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किया। इस गतिविधि के जरिए छात्रों को अपने विचारों की व्यावहारिकता समझने और उन्हें बेहतर बिजनेस मॉडल में बदलने का अवसर मिला।
विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी और शिक्षक रहे मौजूद
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन, एसबीयू आईआईसी के अध्यक्ष प्रो. संदीप कुमार सहित शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आईआईटी खड़गपुर के उद्यमिता प्रकोष्ठ के एसोसिएट मेंबर्स सुहानी गुप्ता और वंश लोहिया ने किया।
आयोजन पर सरला बिरला विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान और राज्यसभा सांसद सह निदेशक, प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने आयोजक मंडली को शुभकामनाएं देते हुए इस पहल की सराहना की।
