Thursday, November 5

धनबाद: एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने और इससे जुड़े सामाजिक भेदभाव को दूर करने के उद्देश्य से धनबाद में जागरूकता यात्रा निकाली गई। इसमें श्री लालजी प्रशिक्षण केंद्र, मंथन संगठन और नर्मदा संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ प्रशिक्षण केंद्र की छात्राएं, आशा कार्यकर्ता, सहिया दीदी और स्वास्थ्यकर्मी शामिल हुए। हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर चल रहे प्रतिभागियों ने लोगों को एचआईवी जांच कराने और संक्रमित व्यक्तियों के साथ भेदभाव नहीं करने की अपील की।

यात्रा के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि एचआईवी संक्रमण असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित रक्त, संक्रमित सुई और मां से बच्चे में फैल सकता है। समय पर जांच और नियमित उपचार से संक्रमित व्यक्ति सामान्य जीवन जी सकता है। सरकारी जांच केंद्रों पर एचआईवी की जांच और उपचार के लिए दवाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं। साथ ही, जांच कराने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाती है।

गर्भवती महिलाओं की जांच भी निःशुल्क

इस दौरान चिकित्सा प्रभारी डॉ. अनिता चौधरी ने लोगों को एचआईवी जांच के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आम लोगों के साथ गर्भवती महिलाओं की भी एचआईवी जांच निःशुल्क की जाती है। गर्भवती महिलाओं के लिए प्रसव पूर्व जांच के दौरान कम से कम दो बार एचआईवी जांच कराना जरूरी है, ताकि संक्रमण की समय पर पहचान कर उचित कदम उठाए जा सकें।

उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्ति नियमित रूप से दवा लेकर सामान्य जीवन जी सकता है। इसलिए बीमारी को लेकर डरने के बजाय जांच कराना जरूरी है।

संक्रमित व्यक्ति से भेदभाव न करने की अपील

चिकित्सकों ने स्पष्ट किया कि एचआईवी संक्रमित व्यक्ति के साथ हाथ मिलाने, साथ बैठने, खाना खाने या रहने से संक्रमण नहीं फैलता। इसके बावजूद सामाजिक भेदभाव के कारण कई लोग जांच कराने से बचते हैं। उन्होंने कहा कि संक्रमित व्यक्ति को समाज से अलग करने के बजाय प्यार, सम्मान और सहयोग की जरूरत है।

आयोजकों ने बताया कि जागरूकता यात्रा का उद्देश्य लोगों के मन से बीमारी को लेकर डर दूर करना और सही जानकारी पहुंचाना है। इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। यात्रा में शामिल छात्राओं और स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों से अपने परिवार और आसपास के लोगों तक भी जागरूकता का संदेश पहुंचाने की अपील की।

Share.
Next Story
संत जेवियर्स कॉलेज में हुआ राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 का जिला स्तरीय आयोजन, 25 स्कूलों के 150 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
Exit mobile version