रांची, 12 नवंबर। स्वामी विवेकानंद के विचारों, आदर्शों और जीवन-दर्शन को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से रामकृष्ण मिशन आश्रम, रांची की ओर से आयोजित 56वीं भारत गढ़ों प्रतियोगिता 2026–27 को लेकर शहर में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में रांची से एक लाख विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं प्राध्यापकों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के पदाधिकारियों, प्राचार्यों और शिक्षाविदों से संपर्क कर उन्हें प्रतियोगिता की जानकारी दी जा रही है।
इसी क्रम में राष्ट्रीय उन्नत विनिर्माण प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईएएमटी), हटिया के कुलसचिव प्रो. अरविंद पांडेय से मुलाकात की गई। राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर के संस्थापक प्राचार्य डॉ. वासुदेव प्रसाद ने उनसे शिष्टाचार भेंट कर प्रतियोगिता के उद्देश्य, स्वरूप, पंजीकरण प्रक्रिया और विद्यार्थियों व शिक्षकों की सहभागिता पर चर्चा की। इसके अलावा झारखंड राज्य संकाय विकास अकादमी, नामकुम की प्रशासनिक प्रबंधक शिल्विया मुर्मू से भी मुलाकात कर संस्थागत सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रभात तारा विद्यालय, धुर्वा के फादर विजय मिंज से मिलकर हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों के साथ मध्य एवं उच्च विद्यालय के शिक्षकों को प्रतियोगिता से जोड़ने की जानकारी साझा की गई। वहीं सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, धुर्वा के प्रशासनिक अधिकारी सुनील पांडेय तथा सचिदानंद ज्ञान भारती आदर्श विद्यालय, कुसई की प्राचार्या डॉ. सुमिता सेन से भी संपर्क कर प्रतियोगिता में अधिकाधिक सहभागिता की अपील की गई।
30 नवंबर तक होगा निःशुल्क पंजीकरण
प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसका पंजीकरण और आयोजन दोनों पूरी तरह ऑनलाइन और निःशुल्क हैं। इसमें प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी। पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक विद्यार्थी, शोधार्थी, शिक्षक और प्राध्यापक रामकृष्ण मिशन आश्रम, रांची की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
स्वामी विवेकानंद के विचारों से जोड़ने की पहल
रामकृष्ण मिशन आश्रम के सेक्रेटरी स्वामी भावेशानंद महाराज की ओर से संयुक्त बैठक में रांची से एक लाख प्रतिभागियों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों और अन्य शैक्षणिक संगठनों से सहयोग मांगा जा रहा है।
इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास, सेवा भावना, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है। गवर्नमेंट टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज के सहायक प्राध्यापक डॉ. ओम प्रकाश ने कहा कि यह पहल केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रनिर्माण को जोड़ने वाला व्यापक शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक अभियान है। अधिक से अधिक संस्थानों की सहभागिता से रांची को इस राष्ट्रीय अभियान का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
