ST-SC छात्रों को छात्रवृत्ति नहीं मिलने से नाराज छात्रों ने किया सड़क जाम, उपायुक्त कार्यालय और कल्याण विभाग के घेराव का ऐलान
रांची: झारखंड में ST-SC छात्रों को छात्रवृत्ति नहीं मिलने से नाराज ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) ने रांची के अल्बर्ट एक्का चौक को जाम कर दिया। संगठन के प्रदर्शन के कारण चौक पर यातायात प्रभावित हुआ और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारी छात्रों ने छात्रवृत्ति वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
ED जांच और मंत्री के इस्तीफे की मांग
AISF छात्रवृत्ति वितरण में कथित गड़बड़ियों की प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जांच कराने की मांग कर रहा है। इसके साथ ही संगठन ने कल्याण मंत्री चमरा लिंडा के इस्तीफे की भी मांग उठाई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि छात्रों को समय पर छात्रवृत्ति नहीं मिलने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
उपायुक्त कार्यालय और कल्याण विभाग का घेराव करेगा AISF
अल्बर्ट एक्का चौक से हटने के बाद AISF ने उपायुक्त कार्यालय और कल्याण विभाग का घेराव करने का ऐलान किया है। संगठन इससे पहले भी छात्रवृत्ति से जुड़े मुद्दे को लेकर ई-कल्याण कार्यालय का घेराव कर चुका है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से छात्रों में नाराजगी बनी हुई है।
AISF ने स्पष्ट किया है कि जब तक छात्रवृत्ति से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं होता और कथित अनियमितताओं की जांच नहीं कराई जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
