झारखंड समेत छह राज्यों में 30 MTPA उत्पादन क्षमता बढ़ाने की योजना, 2030 तक कुल क्षमता 155 MTPA करने का लक्ष्य


रांची। देश की प्रमुख सीमेंट कंपनियों में शामिल अंबुजा सीमेंट्स ने अपने कारोबार के विस्तार की बड़ी योजना तैयार की है। कंपनी देश के छह राज्यों में नए ग्रीनफील्ड और ब्राउनफील्ड प्रोजेक्ट्स के माध्यम से करीब 30 MTPA सीमेंट उत्पादन क्षमता बढ़ाएगी। इस योजना में झारखंड के गोड्डा में 2.9 MTPA क्षमता का नया सीमेंट ग्राइंडिंग प्लांट स्थापित करना भी शामिल है। कंपनी इस विस्तार पर करीब 14,500 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बना रही है। लक्ष्य वित्त वर्ष 2030 तक अपनी कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 155 MTPA करना है।
अदाणी पोर्टफोलियो का हिस्सा अंबुजा सीमेंट्स का यह विस्तार पूर्वी, पश्चिमी और उत्तरी भारत में कंपनी के विनिर्माण नेटवर्क को मजबूत करेगा। गोड्डा के अलावा असम, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में भी नई उत्पादन इकाइयां विकसित की जाएंगी। फिलहाल कंपनी की कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता 113.5 MTPA है। इसके देशभर में 24 इंटीग्रेटेड प्लांट और 24 ग्राइंडिंग यूनिट संचालित हैं।
पूर्वी भारत में गोड्डा बनेगा अहम केंद्र
झारखंड के गोड्डा में प्रस्तावित 2.9 MTPA क्षमता का ग्राइंडिंग प्लांट पूर्वी भारत में कंपनी के विस्तार का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। इसके साथ ही असम के रंगिया और होजाई में भी 2.9-2.9 MTPA क्षमता की ग्राइंडिंग यूनिट स्थापित करने की योजना है। बिहार के मुजफ्फरपुर में भी 2.9 MTPA क्षमता का नया प्लांट प्रस्तावित है।
पूर्वी क्षेत्र में उत्पादन व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए कंपनी असम के उमरांगसो में 4 MTPA क्षमता का नया क्लिंकर प्लांट भी विकसित करेगी। इससे सीमेंट उत्पादन के लिए जरूरी क्लिंकर की उपलब्धता बढ़ेगी और ग्राइंडिंग यूनिट को बेहतर समर्थन मिलेगा।
गुजरात और महाराष्ट्र में भी बढ़ेगी क्षमता
कंपनी की विस्तार योजना के तहत पश्चिमी क्लस्टर में करीब 15.5 MTPA, पूर्वी क्लस्टर में 11.6 MTPA और उत्तरी क्लस्टर में 2.9 MTPA नई ग्राइंडिंग क्षमता जोड़ी जाएगी। गुजरात के मुंद्रा और हजीरा में 2.9-2.9 MTPA क्षमता की यूनिट प्रस्तावित हैं। वहीं महाराष्ट्र के रायगढ़, कल्याण और अमरावती में 2.9-2.9 MTPA तथा दहाणू में 0.7 MTPA क्षमता बढ़ाई जाएगी। उत्तर प्रदेश के दादरी में लाइन-2 के तहत 2.9 MTPA क्षमता का विस्तार प्रस्तावित है।
कंपनी के सीईओ विनोद बाहेती के मुताबिक, विस्तार का अगला चरण संतुलित विनिर्माण नेटवर्क तैयार करने और विकास की गुणवत्ता पर केंद्रित है। क्लिंकर और ग्राइंडिंग क्षमता के बीच बेहतर तालमेल के साथ प्रमुख बाजारों के करीब उत्पादन इकाइयां स्थापित करने से कंपनी के नेटवर्क को अधिक लचीलापन मिलेगा।
मार्च 2027 तक 119 MTPA क्षमता का अनुमान
कंपनी को वित्त वर्ष 2027 की दूसरी छमाही में पंजाब के बठिंडा में 1.2 MTPA और राजस्थान के जोधपुर पेन्ना इंटीग्रेटेड यूनिट में 2 MTPA क्षमता के स्थिरीकरण और उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है। इसके अलावा बिहार के वारिसलीगंज में 2.4 MTPA क्षमता की ग्राइंडिंग यूनिट भी इसी अवधि में चालू करने की योजना है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मार्च 2027 तक कंपनी की कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता 119 MTPA तक पहुंचने का अनुमान है।
अंबुजा सीमेंट्स के अनुसार, अधिग्रहण के बाद 30 सितंबर 2026 तक कंपनी 11 क्षमता विस्तार परियोजनाएं पूरी कर चुकी है। इनके जरिए 16.3 MTPA सीमेंट और 9 MTPA क्लिंकर उत्पादन क्षमता जोड़ी गई है।



