Tuesday, November 24
75 प्रतिशत अनुदान वृद्धि, राज्यकर्मी का दर्जा और मैट्रिक-इंटर परीक्षा फॉर्म की तिथि 15 दिसंबर तक बढ़ाने की प्रमुख मांग, 24 जिलों से रांची जुटेंगे हजारों कर्मी

रांची। वर्षों से लंबित मांगों और सरकारी उदासीनता के खिलाफ राज्यभर के वित्त रहित शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। इसी कड़ी में ‘झारखंड राज्य वित्त रहित शिक्षा संयुक्त संघर्ष मोर्चा’ के बैनर तले 25 नवंबर को विधानसभा के समक्ष धरना देंगे. इस आंदोलन में राज्य के सभी 24 जिलों से इंटरमीडिएट कॉलेजों, उच्च विद्यालयों, संस्कृत विद्यालयों और मदरसा विद्यालयों में कार्यरत करीब 10 हजार शिक्षक जुटेंगे।

मोर्चा का स्पष्ट कहना है कि बिना नियमित वेतन के केवल अनिश्चित अनुदान के भरोसे काम करते हुए शिक्षक आर्थिक और मानसिक भयादोहन झेल रहे हैं, लेकिन सरकार आश्वासन के बावजूद ठोस कदम उठाने के बजाय मामलों को टाल रही है। 75 प्रतिशत अनुदान वृद्धि, राज्यकर्मी का दर्जा और 2027 की मैट्रिक-इंटर परीक्षा के फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बिना विलंब शुल्क 15 दिसंबर तक बढ़ाने जैसी प्रमुख मांगों को लेकर आज राजधानी में आर-पार की आवाज बुलंद की जाएगी। इस प्रदर्शन में राज्यभर के सभी 24 जिलों से इंटरमीडिएट कॉलेजों, उच्च विद्यालयों, संस्कृत और मदरसा विद्यालयों के हजारों शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी शामिल हो रहे हैं। मोर्चा के नेताओं का आरोप है कि ये संस्थान वर्षों से अनिश्चितता और बिना नियमित वेतन के अनुदान के भरोसे चल रहे हैं, जिससे शिक्षकों का आर्थिक और मानसिक शोषण हो रहा है।

प्रमुख मांगें और विवाद:

अनुदान वृद्धि व लंबित मामले:

75 प्रतिशत अनुदान वृद्धि का प्रस्ताव वित्त और विधि विभाग की सहमति के बाद भी लटका हुआ है। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुदान प्रपत्र भरने की तिथि 23 नवंबर को समाप्त होने के बावजूद सरकार द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

समान काम-समान वेतन:

कार्मिक विभाग द्वारा नियमावली बनाकर स्कूली शिक्षा विभाग को निर्देश दिए जाने के बावजूद शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा और समान वेतन देने पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

परीक्षा फॉर्म की तिथि विस्तार:

जैक द्वारा आयोजित होने वाली वर्ष 2027 की मैट्रिक और इंटर परीक्षा के फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 26 नवंबर को समाप्त हो रही है। अब तक 50 प्रतिशत छात्रों का भी फॉर्म नहीं भर पाने के कारण इसे बिना विलंब शुल्क के 15 दिसंबर 2026 तक बढ़ाने की मांग की जा रही है।

अन्य मुद्दे:

बिहार राज्य से स्थापना अनुमति प्राप्त 158 विद्यालयों के अनुदान को रोकने की साजिश का विरोध, जैक में अवैध रूप से कार्यरत अधिकारियों को हटाने और ‘सावित्रीबाई फुले बालिका समृद्धि योजना’ का लाभ वित्त रहित संस्थानों की छात्राओं को देने की मांग भी शामिल है।

Share.
Next Story
रांची में 1,000 लाभुकों को मिले 2.90 करोड़ रुपये, पलाश-JSLPS ने आजीविका और महिला सशक्तीकरण के लिए चलाए कई अभियान
Exit mobile version