रांची, 29 अगस्त 2026। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से चली आ रही एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की मांग अब पूरी होने जा रही है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री एवं झारखंड से राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के प्रयासों के बाद रेलवे बोर्ड ने टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस (18189/18190) के मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव को प्रयोगात्मक आधार पर मंजूरी दी है।
रेलवे बोर्ड ने ट्रेन का ठहराव शीघ्र सुविधाजनक तिथि से शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इस फैसले से मनोहरपुर सहित आसपास के इलाकों के यात्रियों को दक्षिण भारत और झारखंड के प्रमुख शहरों के बीच आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
रेल मंत्री को लिखा था पत्र
डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने 3 अप्रैल 2025 को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग की थी। उन्होंने अपने पत्र में मनोहरपुर स्टेशन की भौगोलिक एवं औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थिति का उल्लेख किया था।
मनोहरपुर रेलवे स्टेशन राउरकेला, रांची और झारखंड-बंगाल के प्रमुख रेल मार्गों से जुड़ा है। इसके अलावा जामदा, किरीबुरू, गुवा और बड़बिल जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह स्टेशन काफी महत्वपूर्ण माना जाता है।
Operational Feasibility Check के बाद मिली मंजूरी
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, डॉ. वर्मा ने विशेष रूप से टाटा–एर्नाकुलम एक्सप्रेस समेत अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग रेल मंत्रालय के समक्ष रखी थी। इसके बाद 1 जुलाई 2025 को रेल मंत्रालय ने संबंधित अधिकारियों को मामले में Operational Feasibility Check करने का निर्देश दिया था।
लगातार प्रयासों और मंत्रालय स्तर पर हुई कार्रवाई के बाद रेलवे बोर्ड ने 27 अगस्त 2026 को टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के मनोहरपुर स्टेशन पर प्रयोगात्मक ठहराव को मंजूरी दे दी।
हजारों यात्रियों को होगा फायदा
इस ट्रेन के ठहराव से मनोहरपुर और आसपास के क्षेत्रों के श्रमिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्र की औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना जताई गई है।
डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने रेलवे बोर्ड के फैसले पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मनोहरपुर और आसपास के लोगों की यह लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जिसे यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगातार रेल मंत्रालय के समक्ष उठाया गया।
उन्होंने कहा कि झारखंड के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से उठाना और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है।
वहीं, मनोहरपुर और पश्चिमी सिंहभूम के क्षेत्रवासियों ने रेलवे बोर्ड के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे यात्रियों के हित में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
