Saturday, November 21

-45 तकनीकी पदाधिकारियों का जजेस सेमिनार संपन्न, 24 नवंबर को होगा समापन

रांची: झारखंड वुशु एसोसिएशन की ओर से आयोजित अस्मिता वुशु स्टेट टूर्नामेंट की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. प्रतियोगिता का आगाज शनिवार, 21 नवंबर से होगा. इसमें राज्य के विभिन्न जिलों से करीब 500 महिला खिलाड़ी सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी. अब तक लगभग 300 खिलाड़ी रांची पहुंच चुकी हैं.

प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर शुक्रवार को होटल बालाजी, टाटीसिलवे में जजेस तकनीकी सेमिनार आयोजित किया गया. इसमें राज्यभर से आये करीब 45 तकनीकी पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया. ये पदाधिकारी प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक और तकनीकी अधिकारी की भूमिका निभायेंगे.

एसोसिएशन के महासचिव शैलेन्द्र दुबे ने बताया कि खिलाड़ियों का वजन किया गया और टीम मैनेजरों की बैठक आयोजित कर प्रतियोगिता के नियमों और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गयी.

उन्होंने कहा कि अस्मिता का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को पहचान, अवसर और आत्मविश्वास प्रदान करना है. इसके माध्यम से बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और जिला व राज्य स्तर से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है.

प्रतियोगिता का उद्घाटन शनिवार को अपराह्न तीन बजे ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार में होगा. वहीं, 24 नवंबर को अपराह्न तीन बजे समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जायेगा. एसोसिएशन ने खेल प्रेमियों से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है.

Share.
Next Story
रिम्स में शुरू हुई अत्याधुनिक BSL-III लैब, OPD/IPD भवन के विस्तार का शिलान्यास
Exit mobile version