Wednesday, September 9

अगर सितंबर महीने में बैंक ब्रांच जाकर कोई जरूरी काम निपटाना है, तो छुट्टियों की सूची जरूर चेक कर लें। सितंबर 2026 में अलग-अलग जोन में बैंक कुल 14 दिन बंद रहने वाले हैं। हालांकि इसका मतलब यह नहीं कि इन तारीखों पर पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे, क्योंकि RBI के हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार छुट्टियां राज्य और स्थानीय त्योहारों के हिसाब से अलग-अलग तय होती हैं।

किन-किन तारीखों पर रहेगी छुट्टी

4 सितंबर को जन्माष्टमी के चलते कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा 6, 13, 20 और 27 सितंबर को रविवार तथा 12 और 26 सितंबर को दूसरे व चौथे शनिवार के चलते साप्ताहिक अवकाश रहेगा। 11 सितंबर को जयपुर नगर निगम चुनाव, 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी, 15 सितंबर को गुजरात में संवत्सरी और ओडिशा में नुआखाई के कारण बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा 21 सितंबर को असम-केरल, 22 सितंबर को झारखंड में करमा पूजा, 23 सितंबर को जम्मू-कश्मीर और 25 सितंबर को सिक्किम में स्थानीय त्योहारों के चलते बैंकिंग सेवाएं बाधित रहेंगी।

हड़ताल से बढ़ सकती है परेशानी

छुट्टियों के अलावा सितंबर में बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल भी ग्राहकों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और वरिष्ठ अधिकारियों के लिए संशोधित PLI योजना वापस लेने की मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। 11 सितंबर को एक दिन की देशव्यापी हड़ताल प्रस्तावित है, जबकि 28 से 30 सितंबर तक लगातार तीन दिन हड़ताल का आह्वान किया गया है।

लगातार पांच दिन बंद रह सकते हैं बैंक

26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार है, इसके ठीक बाद 28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित हड़ताल है। यानी अगर हड़ताल वापस नहीं ली गई, तो 26 से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिनों तक बैंक शाखाओं का सामान्य कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो सकता है।

इसे भी पढ़े – Bigg Boss 20 शुरू होने से पहले लीक हुई कंटेस्टेंट लिस्ट, ये स्टार्स करेंगे एंट्री

 

Share.
Next Story
राँची के लालपुर में निर्माणाधीन मकान की दीवार ढही, मजदूर की मौत; मुआवजे को लेकर बवाल, ठेकेदार फरार
Exit mobile version