गुमला: नक्सल विरोधी अभियान के दौरान गुमला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन जेजेएमपी (JJMP) के 5 लाख रुपये के इनामी सब-जोनल सदस्य रामदेव लोहरा को उसके तीन सहयोगियों के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हथियारों का बड़ा जखीरा भी बरामद किया है, जिसमें AK-56 और SLR जैसी राइफलें शामिल हैं।
जंगल में चल रहा था मूवमेंट, पुलिस ने घेरकर दबोचा
पुलिस के मुताबिक, एसपी हरीश बिन जमां को सूचना मिली थी कि रामदेव लोहरा अपने दस्ते के साथ इलाके में सक्रिय है। बताया गया कि संगठन को फिर से खड़ा करने और उसकी गतिविधियों का विस्तार करने की कोशिश की जा रही थी। किसी बड़ी वारदात की आशंका को देखते हुए सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ऑपरेशन की तैयारी की गई।
एसडीपीओ चैनपुर श्रुति कुमारी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने डुमरी थाना क्षेत्र के औतापाठ जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान घेराबंदी कर चार संदिग्धों को पकड़ा गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामदेव लोहरा, अरविंद नायक, मुनेश्वर सिंह और जितेंद्र लोहरा के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों का आपराधिक इतिहास भी रहा है।
AK-56 से लेकर SLR तक बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में हथियार और कारतूस मिले। बरामद सामान में एक AK-56 राइफल और दो मैगजीन, एक SLR राइफल व मैगजीन तथा एक सेमी ऑटोमेटिक राइफल शामिल है।
इसके अलावा AK-56 के 88, SLR के 13 और सेमी ऑटोमेटिक राइफल के 39 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने एक 7.65 एमएम पिस्टल, देसी कट्टा और अन्य जिंदा कारतूस भी जब्त किए हैं।
हथियारों के अलावा वॉकी-टॉकी, मोबाइल फोन, 9 वाई-फाई डोंगल, JJMP से जुड़े पर्चे और एक मोटरसाइकिल भी पुलिस के हाथ लगी है।
संगठन को फिर खड़ा करने की कोशिश?
एसपी के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी JJMP की गतिविधियों को दोबारा मजबूत करने की कोशिश में जुटे थे। पुलिस का मानना है कि अगर समय रहते इनकी गतिविधियों की जानकारी नहीं मिलती, तो इलाके में संगठन की गतिविधियां फिर बढ़ सकती थीं।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के संपर्क में और कौन-कौन लोग हैं और संगठन के नेटवर्क को दोबारा सक्रिय करने की योजना में उनकी क्या भूमिका थी।
कई थानों की टीम ने मिलकर चलाया ऑपरेशन
पूरे अभियान में चैनपुर SDPO श्रुति कुमारी के साथ डुमरी थाना प्रभारी शशि प्रकाश, रेड्डी थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव, घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह, सिसई थाना प्रभारी नीरज कुमार, जारी थाना प्रभारी सनी कुमार समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और बरामद सामान की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। संगठन से जुड़े अन्य लोगों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने के लिए छापेमारी भी जारी है।
एसपी ने कहा कि जिले में नक्सली और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
इसे भी पढ़े – करमटोली तालाब ओवरफ्लो, सड़क पर उतरा पानी, करोड़ों के सुंदरीकरण पर उठे सवाल


