Wednesday, October 14

जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में दो कारोबारियों के बीच चल रहा पुराना विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। लोयोला स्कूल के पास कारोबारी अजय भालोटिया पर क्रिकेट बैट से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में अजय घायल हो गए। घटना का  वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया।

जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर को यूनाइटेड क्लब में अजय भालोटिया और दिलीप मुरारका के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसके अगले दिन 1 अक्टूबर को दोनों का लोयोला स्कूल के पास फिर आमना-सामना हुआ। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप के मुताबिक दिलीप मुरारका ने अजय भालोटिया पर क्रिकेट बैट से हमला कर दिया।

घटना के बाद अजय भालोटिया ने बिष्टुपुर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दिलीप मुरारका के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस आरोपी की तलाश के साथ विवाद की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की भी जांच की जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम और शिकायत में लगाए गए आरोपों का सत्यापन पुलिस की जांच का हिस्सा है।

इसे भी पढ़े – फहीम खान के घर AK-47 हमले में दोषी ठहराए गए 3 आरोपियों की सजा पर आज सुनवाई

Share.
Next Story
पुलिस के पहुंचते ही फेल हुआ साइबर ठगी का प्लान, 11 गिरफ्तार…2.85 लाख रुपये और 19 मोबाइल मिले
Exit mobile version