राजधानी रांची में बिजली कटौती का सिलसिला जारी है। रविवार को भी राजधानी के कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने के बाद, अब सोमवार, 30 नवंबर को भी लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ेगा। विद्युत विभाग की ओर से कोकर और डोरंडा अवर-प्रमंडल के अंतर्गत विभिन्न फीडरों में तकनीकी मरम्मत, यूटिलिटी शिफ्टिंग और आरडीएसएस योजना के तहत एबी केबलिंग का काम किया जाना है। इसके चलते सुबह 10:30 बजे से शाम पांच बजे तक अलग-अलग समयावधि में बिजली आपूर्ति ठप रहेगी।
लोवाडीह फीडर में चार घंटे का शटडाउनः
कोकर विद्युत आपूर्ति अवर-प्रमंडल के अधीन नामकुम पावर सब-स्टेशन से निकलने वाले 11 केवी लोवाडीह फीडर में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक बिजली कटी रहेगी। इस दौरान दुर्गा सोरेन चौक के समीप 11 केवी लाइन की यूटिलिटी शिफ्टिंग की जाएगी। इस कार्य से लोवाडीह चौक, साई धर्मशाला के निकटवर्ती क्षेत्र और दुर्गा सोरेन चौक स्थित हाइ टेंशन क्वार्टर समेत आसपास की कॉलोनियों में चार घंटे तक बिजली नहीं रहेगी।
डोरंडा के दो फीडरों में अलग-अलग समय पर कटौतीः
दूसरी ओर, डोरंडा अवर-प्रमंडल क्षेत्र में आरडीएसएस योजना के अंतर्गत एबी केबल लगाने का काम होगा। इसके कारण दो प्रमुख फीडरों से जुड़े इलाकों में अलग-अलग समय पर बिजली बंद रखी जाएगी:
एसओपी फीडर: यहां सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक दो ट्रांसफॉर्मर (डीटीआर) की सप्लाई बंद रहेगी। इससे परासटोली, उरांव कोचा एसओपी, 104 बिल्डिंग, डोरंडा सरकारी अस्पताल और आसपास के इलाके प्रभावित होंगे।
अमरावती फीडर: इस फीडर के अंतर्गत दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक एक डीटीआर की बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इससे अमरावती शिव मंदिर, मीरा लॉज और नजदीकी मोहल्लों में बिजली गुल रहेगी। बिजली विभाग ने प्रभावित इलाकों के उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए कटौती के निर्धारित समय से पहले ही पानी भरने और अन्य जरूरी घरेलू काम निपटा लें।
