Sunday, November 29

संसद के विशेष सत्र में पेश होने वाले प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर झारखंड के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के लोकसभा और राज्यसभा के सभी छह सांसद रविवार को दिल्ली पहुंच गए हैं, लेकिन पार्टी ने अभी तक विधेयक के समर्थन या विरोध पर अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। झामुमो की इस चुप्पी ने सहयोगी दल कांग्रेस की धड़कनें बढ़ा दी हैं।केंद्र सरकार ने लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर फिर से बुलाने का अनुरोध किया है. इन बैठकों में सरकार के जरूरी कामकाज को पूरा किया जाएगा. संसद की ये बैठकें मॉनसून सत्र की ही आगे की कार्यवाही बताई जा रही है. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी. दरअसल, संसद का मानसून सत्र 2026 विपक्षी सांसदों के भारी विरोध और लगातार हंगामे के कारण कई बार बाधित हुआ. इसके बाद गुरुवार, 13 अगस्त 2026 को दोनों सदनों को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया था.

दिल्ली पहुंचे झामुमो के छहों सांसदः

संसद सत्र में शामिल होने के लिए रविवार को झामुमो के लोकसभा सांसद विजय हांसदा (राजमहल), नलिन सोरेन (दुमका) और जोबा मांझी (सिंहभूम) दिल्ली पहुंचे हैं। इनके साथ ही राज्यसभा सांसद महुआ माजी, डॉ. सरफराज अहमद और बैद्यनाथ राम भी राजधानी में डेरा डाल चुके हैं।

समर्थन या विरोध पर स्थिति स्पष्ट नहीं, आरक्षित सीटों पर जोरः

झामुमो इस विधेयक का समर्थन करेगा या विरोध, पार्टी नेतृत्व ने अभी तक इस पर औपचारिक रूप से कुछ भी नहीं कहा है। हालांकि, पार्टी अपने इस पुराने स्टैंड पर पूरी तरह कायम है कि परिसीमन के तहत लोकसभा और विधानसभा की आरक्षित (अनुसूचित जनजाति एवं जाति) सीटों में आनुपातिक तौर पर बढ़ोतरी होनी चाहिए। माना जा रहा है कि सदन में विधेयक पेश होने के बाद ही झामुमो अपना अंतिम रुख स्पष्ट करेगा।

हेमंत सोरेन की दिनभर रही पैनी नजर, सांसदों से किया संवादः

झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को दिल्ली गए सभी सांसदों के साथ कई बार संवाद किया और वहां के राजनीतिक हालात को समझने की कोशिश की। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने राजनीतिक क्षेत्र के अपने करीबी मित्रों से भी दिल्ली के सियासी समीकरणों की थाह ली। एनडीए और आइएनडीआइए गठबंधन के भीतर चल रही गतिविधियों तथा अन्य राजनीतिक दलों के शीर्ष नेतृत्व के मिजाज को भांपने में भी झामुमो नेतृत्व दिनभर जुटा रहा।

कांग्रेस प्रभारी के. राजू की सार्वजनिक अपीलः

दूसरी ओर, झामुमो की चुप्पी से बेचैन कांग्रेस ने दबाव बनाना शुरू कर दिया है। कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू ने सार्वजनिक तौर पर झामुमो नेतृत्व से आग्रह किया है कि वे आदिवासी प्रतिनिधित्व और संघीय ढांचे की रक्षा के लिए परिसीमन विधेयक का विरोध करें। बावजूद इसके, झामुमो ने फिलहाल चुप्पी साधकर सियासी सस्पेंस बरकरार रखा है।

कांग्रेस के प्रमुख तर्कः

आदिवासी सीटों की हिस्सेदारी घटने का डर: प्रस्तावित विधेयक में राज्य की कुल विधानसभा और लोकसभा सीटों में लगभग 50% की वृद्धि की बात है, लेकिन आरक्षित सीटों को आनुपातिक रूप से बढ़ाने के लिए स्पष्ट संवैधानिक प्रावधान का अभाव है। वर्तमान में झारखंड की 81 विधानसभा सीटों में से 28 सीटें अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित हैं। 50% वृद्धि के हिसाब से आदिवासी सीटों की संख्या बढ़कर 42 होनी चाहिए, लेकिन प्रस्तावित फॉर्मूले के तहत यह संख्या केवल 32 से 34 तक ही सीमित रह जाएगी। इससे सदन में आदिवासियों का प्रतिनिधित्व प्रतिशत कम हो जाएगा।

जनगणना के आधार पर आपत्ति: कांग्रेस का आरोप है कि राज्यों के बीच सीटों के आवंटन और आरक्षित सीटों के निर्धारण के लिए अलग-अलग जनगणना (1971 और 2011) के इस्तेमाल से झारखंड के मूलवासी और आदिवासी बहुल क्षेत्रों को नुकसान होगा।

परिसीमन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल: कांग्रेस ने परिसीमन आयोग के गठन (जिसमें प्रधानमंत्री द्वारा चुने गए सुप्रीम कोर्ट के जज और मुख्य चुनाव आयुक्त शामिल होंगे) पर भी चिंता जताई है। पार्टी का आरोप है कि इस आयोग को असीमित शक्तियां देकर केंद्र सरकार चुनावी नक्शे को अपने राजनीतिक लाभ के लिए बदलना चाहती है।

2. झामुमो का रुखः

आनुपातिक बढ़ोतरी की अनिवार्य शर्त: झामुमो की एकमात्र और सबसे बड़ी शर्त यह है कि यदि परिसीमन के जरिए राज्य में विधानसभा और लोकसभा की कुल सीटें बढ़ती हैं, तो अनुसूचित जनजाति (ST) और अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित सीटें भी उसी अनुपात में बढ़नी चाहिए।

2008 के इतिहास का हवाला: वर्ष 2008 में भी जब परिसीमन की प्रक्रिया शुरू हुई थी, तब झामुमो (शिबू सोरेन के नेतृत्व में) ने इस आशंका के चलते इसका विरोध किया था कि इससे आदिवासी सीटें घट जाएंगी। पार्टी उसी ऐतिहासिक रुख पर कायम है।

अंतिम मसौदे का इंतजार: झामुमो नेतृत्व का कहना है कि सदन में विधेयक पेश होने के बाद वे इसके बारीक प्रावधानों का अध्ययन करेंगे। यदि इसमें झारखंड और आदिवासी हितों की रक्षा होती है तो वे समर्थन पर विचार कर सकते हैं, अन्यथा इसका पुरजोर विरोध करेंगे।

भाजपा (विपक्ष) के प्रमुख तर्क

झारखंड में सीटों की संख्या बढ़ेगी: भाजपा का तर्क है कि परिसीमन से झारखंड की विधानसभा और लोकसभा सीटों में इजाफा होगा, जिससे राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर अधिक प्रतिनिधित्व और विकास के लिए ज्यादा संसाधन मिलेंगे।

महिला आरक्षण और लोकतांत्रिक मजबूती: भाजपा इस विधेयक को महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में एक अनिवार्य और क्रांतिकारी कदम बता रही है। पार्टी का कहना है कि यह किसी एक दल का नहीं, बल्कि पूरे देश के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करने का विधेयक है।

सत्तापक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप: भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस केवल राजनीतिक विरोध की भावना से प्रेरित होकर आदिवासी समाज में भ्रम फैला रही है। भाजपा नेताओं का दावा है कि मोदी सरकार ने हमेशा आदिवासी गौरव और अधिकारों को बढ़ाया है और परिसीमन में भी किसी के अधिकारों का हनन नहीं होगा।

Share.
Next Story
जरूरी खबर: आज भी कई इलाकों में गुल रहेगी बिजली, जानें पूरा शेड्यूल
Exit mobile version