Sunday, November 29

जंगल, वन्यजीव और प्रकृति के संरक्षण के लिए संघर्ष करने वाले समुदायों की कहानियां रविवार को झारखंड के पहले वन फिल्म महोत्सव ‘आरण्यक-2026’ के दूसरे दिन आकर्षण का केंद्र रहीं। डोरंडा स्थित जेएपी शौर्य सभागार में आयोजित फिल्म स्क्रीनिंग में देश के विभिन्न राज्यों की चुनिंदा फिल्मों के माध्यम से जैव विविधता, पर्यावरण संरक्षण और पारंपरिक वन ज्ञान की झलक देखने को मिली। महोत्सव में फिल्म निर्माता, विद्यार्थी, सिनेमा प्रेमी और प्रकृति प्रेमियों ने भाग लिया। फिल्मों के जरिए लोगों को जंगलों के महत्व और उनके संरक्षण में स्थानीय समुदायों की भूमिका से परिचित कराया गया।

कई राज्यों की फिल्मों का हुआ प्रदर्शन

वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से आयोजित इस महोत्सव में केरल, असम, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड समेत कई राज्यों की फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर विभाग के सचिव अबु बकर सिद्दीख, उनकी पत्नी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (हॉफ) संजीव कुमार और वरिष्ठ फिल्म निर्माता मेघनाथ भट्टाचार्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने फिल्म निर्माताओं को सम्मानित किया। उन्हें प्रकृति, वन्यजीव संरक्षण और समुदायों के संघर्ष को सिनेमा के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए सम्मान दिया गया।

पर्यावरण डॉक्यूमेंट्री निर्माण की बतायी बारीकियां

महोत्सव के दूसरे दिन मणिपुर के राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता हाओबाम पबन कुमार की मास्टरक्लास विशेष आकर्षण रही। ‘द आर्ट ऑफ एनवायरनमेंटल डॉक्यूमेंट्री फिल्ममेकिंग’ विषय पर आयोजित इस सत्र में उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माण की बारीकियों से अवगत कराया। अपनी चर्चित फिल्म ‘लोकतक लैरेम्बी’ (लेडी ऑफ द लेक) के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर चुके पबन कुमार ने बताया कि सिनेमा प्रकृति, पर्यावरणीय संकट और स्थानीय समुदायों के जीवन को प्रभावशाली तरीके से दर्ज करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने फिल्म निर्माण में शोध, विषय की समझ और वास्तविक परिस्थितियों को प्रस्तुत करने के महत्व पर भी चर्चा की। इस दौरान विद्यार्थियों ने सवाल पूछे और अपने विचार साझा किये।

महिलाओं के जंगल बचाने के संघर्ष को दिखाया

फिल्म स्क्रीनिंग के दौरान ओडिशा के देवगढ़ की महिलाओं की जंगल बचाने की पहल पर आधारित डॉक्यूमेंट्री ‘जंगलिया’ का प्रदर्शन किया गया। सपना हो, जिज्ञासा ओंकर और वर्षा राठौड़ के निर्देशन में बनी इस फिल्म में ‘ठेंगा पाली’ की पारंपरिक व्यवस्था को दिखाया गया। इस व्यवस्था के तहत महिलाएं सामूहिक रूप से जंगलों की निगरानी और सुरक्षा करती हैं। फिल्म ने वन संरक्षण में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और सामुदायिक प्रयासों को रेखांकित किया।

पूर्वी हिमालय की जैव विविधता से कराया परिचय

‘द डुआर्स वर्ल्ड’ फिल्म के माध्यम से दर्शकों को पूर्वी हिमालय की तलहटी में स्थित जैव विविधता से समृद्ध क्षेत्रों और वहां के वन्यजीवों से परिचित कराया गया। वहीं, ‘जमुना टुडू-द लेडी टार्जन’ में झारखंड की पर्यावरण कार्यकर्ता जमुना टुडू के जीवन और साल के जंगलों को लकड़ी माफिया से बचाने के उनके संघर्ष को दर्शाया गया। इसके अलावा ‘वेब ऑफ लाइफ’ में मनुष्य, पशु और वनस्पतियों के बीच पारिस्थितिक संबंधों को प्रस्तुत किया गया। ‘द रियल जंगल बुक’ में भारत के जंगलों और वास्तविक वन्यजीवों की दुनिया की झलक दिखाई गयी, जिसने प्रसिद्ध कहानी ‘द जंगल बुक’ को प्रेरित किया।

संवाद और मास्टरक्लास से पर्यावरण संरक्षण पर चर्चा

महोत्सव के दौरान केवल फिल्मों की स्क्रीनिंग ही नहीं हुई, बल्कि फिल्मकारों के साथ संवाद और मास्टरक्लास के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, पारंपरिक वन ज्ञान और सामुदायिक भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गयी। इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों और प्रकृति प्रेमियों को पर्यावरण से जुड़े मुद्दों को समझने का अवसर दिया।

30 नवंबर को होगा महोत्सव का समापन

तीन दिवसीय ‘आरण्यक-2026’ फिल्म महोत्सव का समापन 30 नवंबर को होगा। अंतिम दिन भी विभिन्न फिल्मों की स्क्रीनिंग, विशेष संवाद सत्र, मास्टरक्लास और समापन समारोह आयोजित किये जायेंगे। महोत्सव का उद्देश्य सिनेमा के माध्यम से वन, वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति के संरक्षण में समुदायों की भूमिका को सामने लाना है।

Share.
Next Story
जरूरी खबर: आज भी कई इलाकों में गुल रहेगी बिजली, जानें पूरा शेड्यूल
Exit mobile version