रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मृत दर्शाने वाली कथित आपत्तिजनक सोशल मीडिया सामग्री के खिलाफ भाजपा ने रांची साइबर क्राइम पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष साइबर जांच कराने और दोषी के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

भाजपा का आरोप है कि ऋषिकेश चौहान नामक Instagram अकाउंट से ऐसी तस्वीर या सामग्री साझा की गई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर पर माला चढ़ी हुई दिखाई गई है। इसके साथ अंतिम संस्कार से जुड़ी शब्दावली का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप है। बताया गया कि यह कथित कमेंट रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा के Instagram प्रोफाइल पर किया गया।

अजय साह ने कहा कि देश के करोड़ों नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करते हैं। ऐसे में किसी जीवित प्रधानमंत्री को मृत दर्शाना और उनके अंतिम संस्कार का चित्रण करना बेहद आपत्तिजनक और निंदनीय है।
राजनीतिक आलोचना की आड़ में ऐसी सामग्री स्वीकार नहीं
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि राजनीतिक मतभेद और आलोचना लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी जीवित प्रधानमंत्री को मृत दिखाकर उनके अंतिम संस्कार का चित्रण करना स्वस्थ लोकतांत्रिक विमर्श नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी सामग्री जानबूझकर अपमानित करने, उकसाने और सोशल मीडिया पर माहौल खराब करने के उद्देश्य से प्रसारित की गई प्रतीत होती है।
डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने की मांग
अजय साह ने साइबर पुलिस से संबंधित Instagram अकाउंट की पूरी जांच करने की मांग की है। उन्होंने पुलिस से IP लॉग, लॉगिन हिस्ट्री, डिवाइस डिटेल, लिंक्ड मोबाइल नंबर, ई-मेल, मेटाडाटा और अन्य उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों को कानून के अनुसार सुरक्षित रखने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि जांच के जरिए अकाउंट संचालक की वास्तविक पहचान सुनिश्चित की जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 तथा लागू साइबर कानूनों के तहत उचित कार्रवाई की जाए।
इसे भी पढ़े – रांची में 23 अगस्त को JHARERA का सेमिनार, रियल एस्टेट कानून के प्रावधानों पर होगा व्यापक संवाद


