राँची: JPSC और JSSC की विभिन्न परीक्षाओं में धांधली और छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमों को लेकर भाजपा ने एक बार फिर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी और विधायक बुधवार को राँची स्थित प्रोजेक्ट भवन पहुंचे और मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपकर परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों की CBI जांच कराने और छात्रों पर दर्ज FIR तत्काल वापस लेने की मांग की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा, सांसद बीडी राम समेत कई विधायक और प्रदेश पदाधिकारी इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे।
छात्रों पर दर्ज FIR तत्काल रद्द करने की मांग
मुख्य सचिव को सौंपे ज्ञापन में भाजपा ने कहा है कि JPSC/JSSC की विभिन्न परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में झारखंड के छात्रों ने करीब एक महीने तक लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन किया था। पार्टी का आरोप है कि आंदोलन के दौरान और उसके बाद छात्रों की आवाज दबाने के लिए राज्य के अलग-अलग थानों में FIR दर्ज की गई।
भाजपा ने इन सभी मामलों को अविलंब वापस लेने की मांग की है। ज्ञापन में सुप्रीम कोर्ट के छात्र आंदोलनों से जुड़े FIR को लेकर दिए गए आदेश का भी हवाला दिया गया है।
रद्द और स्थगित परीक्षाओं की CBI जांच की मांग
भाजपा ने सरकार से JPSC और JSSC की ओर से आयोजित उन सभी परीक्षाओं की CBI जांच की अनुशंसा करने की मांग की है, जिन्हें सरकार ने कथित गड़बड़ियों को स्वीकार करते हुए रद्द या स्थगित किया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए CBI जांच जरूरी है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में हुई गड़बड़ी की पूरी सच्चाई सामने आ सके और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो।
आयोग के सदस्यों और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
भाजपा ने ज्ञापन में यह भी मांग की है कि आयोग के अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद समान रूप से दोषी आयोग के अन्य सदस्यों की भी गिरफ्तारी की जाए।
इसके अलावा जिन अधिकारियों के अधीन काम करने वाले कनिष्ठ कर्मचारियों पर परीक्षा में धांधली के आरोप में कार्रवाई या गिरफ्तारी हुई है, उनकी भूमिका की भी जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई करने की मांग की गई है।
ये नेता रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने पहुंचे भाजपा नेताओं में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा, सांसद बीडी राम, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद और भानु प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी के अलावा विधायक सीपी सिंह, मंजू देवी, शशि भूषण मेहता, आलोक चौरसिया, रोशन लाल चौधरी, सत्येंद्र नाथ तिवारी, नीरा यादव, नागेंद्र महतो और राज सिन्हा शामिल रहे।
भाजपा ने स्पष्ट किया है कि छात्रों के हित और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पार्टी इस मुद्दे को आगे भी उठाती रहेगी।
इसे भी पढ़े – सफाई, सुविधा और रखरखाव में अव्वल राँची स्टेशन, पूरे जोन में मिला ‘बेस्ट केप्ट स्टेशन शील्ड-2026’ का सम्मान
