रांची: राजधानी रांची में एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। खेलगांव स्थित वेलोड्रम स्टेडियम में 30 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक 78वीं सीनियर, 55वीं जूनियर और 41वीं सब जूनियर नेशनल ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप आयोजित होगी। रविवार को प्रतियोगिता के आधिकारिक मस्कट की लॉन्चिंग के साथ आयोजन की तैयारियों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई।
झारखंड साइकिलिंग एसोसिएशन के महासचिव शैलेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से 600 से अधिक साइकिलिस्ट हिस्सा लेंगे। आयोजन के संचालन के लिए 100 से अधिक तकनीकी अधिकारी भी रांची पहुंचेंगे।
खिलाड़ियों के ठहरने और अभ्यास की व्यवस्था पूरी
शैलेंद्र कुमार पाठक ने कहा कि खेलगांव का वेलोड्रम ट्रैक अंतरराष्ट्रीय स्तर का है। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और अभ्यास की व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। एसोसिएशन का प्रयास है कि चैंपियनशिप का आयोजन बेहतर तरीके से हो और झारखंड की मेजबानी यादगार बने।
मस्कट लॉन्च के साथ प्रचार-प्रसार तेज
आधिकारिक मस्कट लॉन्च होने के बाद आयोजन समिति ने प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस चैंपियनशिप में सीनियर, जूनियर और सब जूनियर वर्ग के साइकिलिस्ट अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। आयोजन से झारखंड में साइकिलिंग को बढ़ावा मिलने और राज्य को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसोसिएशन के रितेश झा, तकनीकी अधिकारी सतविंदर कौर, कोषाध्यक्ष रणवीर कुमार और कोच रामकुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
