रांची: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के मुद्दे पर सियासी घमासान तेज हो गया। मुख्य विपक्षी दल BJP और NDA विधायकों का विरोध जारी है। सोमवार को विधानसभा की कार्यवाही बिना विपक्षी विधायकों की मौजूदगी के शुरू हुई।
CM आवास घेरने पहुंचे BJP नेता-विधायक
विधानसभा घेराव से पहले BJP के कई विधायक, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत पार्टी के नेता और कार्यकर्ता अचानक मुख्यमंत्री आवास के बाहर पहुंच गए। यहां उन्होंने JPSC परीक्षा रद्द करने और पूरे मामले की CBI जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया और कई भाजपा विधायकों, पूर्व विधायकों, नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने खेलगांव स्टेडियम पहुंचाया
हिरासत में लिए गए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग पुलिस वाहनों में खेलगांव स्टेडियम ले जाया गया। फिलहाल वे पुलिस की निगरानी में हैं। पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया है।
स्पीकर बोले- सवाल डालकर सदन में नहीं आना दुखद
इधर, भाजपा विधायकों की गैरमौजूदगी में विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने पर स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि सवाल डालकर सदन में नहीं आना दुखद है। मुख्य विपक्षी दल भाजपा के विधायक सदन में आने के बजाय मुख्यमंत्री आवास के घेराव के लिए पहुंचे थे।
दरअसल, छात्र संगठनों के साथ सरकार की वार्ता विफल रहने के बाद भाजपा ने छात्रों के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ मोर्चा तेज किया है। इसी क्रम में पार्टी के विधायक और नेता विधानसभा परिसर की जगह मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे।
अब नजर सदन की कार्यवाही और BJP नेताओं की रिहाई पर
फिलहाल भाजपा के विधायक और कार्यकर्ता खेलगांव स्टेडियम में पुलिस हिरासत में हैं। ऐसे में बड़ा सवाल है कि क्या आज विधानसभा की पूरी कार्यवाही विपक्ष के बिना ही चलेगी या हिरासत में लिए गए भाजपा विधायकों को जल्द रिहा किया जाएगा? दूसरी ओर, JPSC-JSSC मुद्दे पर छात्रों का विधानसभा मार्च भी जारी है, जिससे राजधानी में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल और बढ़ गई है।


