डिबडीह में आयोजित कार्यक्रम में संविधान की विशेषताओं पर हुई चर्चा, संप्रभुता और अखंडता के लिए पढ़ा गया प्रस्तावना का पाठ
राँची: संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेश भाजपा की ओर से गुरुवार को राँची के डिबडीह में प्रदेश स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। भाजपा इस दिन को ‘संविधान गौरव दिवस’ के रूप में मना रही है। कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, पूर्व सांसद समीर उरांव और अमर कुमार बाउरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश पदाधिकारी शामिल हुए।
संविधान की विशेषताओं पर हुई चर्चा, प्रस्तावना का सामूहिक पाठ
संगोष्ठी के दौरान भारतीय संविधान की विशेषताओं पर चर्चा की गई। साथ ही देश की संप्रभुता और अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए उपस्थित लोगों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया गया।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता की आत्मा संविधान में बसती है। उन्होंने कहा कि वे संविधान के प्रति राष्ट्र सेवा और राष्ट्र मिशन की भावना से काम करते हैं। हालांकि, उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि कुछ लोग संविधान की किताब लेकर घूमते हैं, लेकिन संविधान के मान-सम्मान और देश के गौरव का ख्याल नहीं रखते।
आदित्य साहू का कांग्रेस पर हमला, SIR और MMDR का भी किया जिक्र
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि संविधान दिवस गौरव का दिन है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को कभी सम्मान देने का काम नहीं किया और संविधान की धज्जियां उड़ाई हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संविधान की रक्षा और उसे सम्मान देने का काम कर रहे हैं, लेकिन इसे लेकर लोगों के बीच तरह-तरह के भ्रम फैलाए जा रहे हैं।
SIR और MMDR के मुद्दे पर आदित्य साहू ने कहा कि संविधान के तहत काम हो रहा है, लेकिन कांग्रेस इसका विरोध कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को गुमराह करना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है।
