संयुक्त किसान मोर्चा ने शहीद चौक से राजभवन तक निकाला मार्च, एमएसपी की कानूनी गारंटी और किसानों से किए गए समझौते को लागू करने की उठाई मांग
रांची। किसान आंदोलन की छठी वर्षगांठ के अवसर पर गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को संयुक्त किसान मोर्चा के देशव्यापी आह्वान पर झारखंड में किसान महापड़ाव का आयोजन किया गया। संयुक्त किसान मोर्चा झारखंड के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान और समर्थक शहीद चौक से मार्च करते हुए राजभवन पहुंचे। यहां राजभवन के समक्ष महापड़ाव आयोजित कर किसानों ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम राज्यपाल को 15 सूत्री मांगपत्र सौंपा गया।
महापड़ाव को संबोधित करते हुए संयुक्त किसान मोर्चा के नेता और झारखंड राज्य किसान सभा के महासचिव सुफल महतो ने केंद्र सरकार पर किसानों के साथ वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार के साथ हुए लिखित समझौते को छह साल बाद भी लागू नहीं किया जाना किसानों के साथ बड़ा विश्वासघात है। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी नहीं मिलने के कारण किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने किसानों की आत्महत्या के बढ़ते मामलों को भी गंभीर चिंता का विषय बताया।
सुफल महतो ने झारखंड की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य की जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा को कॉरपोरेट कंपनियों के हवाले करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि करीब 40 प्रतिशत खनिज संपदा होने के बावजूद झारखंड गरीबी, बेरोजगारी, निजीकरण, पलायन और विस्थापन जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने धान खरीद में किसानों को घोषित एमएसपी नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड में घोषित 25.50 रुपये प्रति किलो के बजाय किसानों को 17 से 19 रुपये प्रति किलो की दर से धान बेचना पड़ रहा है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने शहीद नीलांबर-पीतांबर की जन्मस्थली चेमो-सनेया को बचाने के लिए जारी संघर्ष का भी उल्लेख किया। कहा कि इस ऐतिहासिक स्थल की रक्षा की लड़ाई लंबे समय से जारी है।
नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर साधा निशाना
महापड़ाव में किसान महासभा के नेता और पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार झारखंड के खान-खनिज और जंगलों को बड़े कॉरपोरेट घरानों के हवाले करना चाहती है। वहीं, क्रांतिकारी किसान मजदूर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष बिमल दास ने कहा कि 13 महीने तक चले किसान आंदोलन के दबाव में केंद्र सरकार को तीनों कृषि कानून वापस लेने पड़े थे।
अखिल भारतीय किसान सभा के प्रदेश महासचिव पुष्कर महतो ने हेमंत सोरेन सरकार से राज्यहित में काम करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों और आदिवासियों के हितों की अनदेखी होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। सामाजिक कार्यकर्ता दयामनी बारला ने लोकतंत्र की रक्षा और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की जरूरत बताई। किसान महासभा के नेता पूरन महतो ने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा संघर्ष के जरिए ही संभव है।
15 सूत्री मांगों को लेकर बुलंद की आवाज
महापड़ाव के दौरान किसानों ने एमएसपी की कानूनी गारंटी देने, किसान आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार के साथ हुए लिखित समझौते को लागू करने, जल-जंगल-जमीन और खनिज संपदा पर कॉरपोरेट कब्जा रोकने तथा कृषि भूमि के अधिग्रहण पर रोक लगाने की मांग की।
इसके अलावा भूमि बैंक रद्द करने, विस्थापन आयोग का गठन करने, महंगाई और बेरोजगारी पर रोक लगाने, निजीकरण और पलायन की समस्या का समाधान करने तथा किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य देने की मांग भी उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने ‘खेत हमारा, फसल हमारी, दाम तुम्हारा नहीं चलेगा’ जैसे नारों के साथ अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया।
कार्यक्रम में कुमुद महतो, असीम सरकार, बीएन सिंह, केडी सिंह, अशोक पाल, दिवाकर महतो, विश्वनाथ बनर्जी, प्रफुल्ल लिंडा, रामलाल महतो, विदेशी महतो, मधुवा कच्छप, मिटू पासवान, संजना मेहता, मो. फराज, एतेशाम, बीना लिंडा, रंगोवती देवी, बिरेंद्र कुमार, तृलोक, जुलियस, कनहाई, रिया, हारित, प्रभु साव, पंचानन महतो और कथन लकड़ा सहित कई किसान एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
