Friday, November 27

धनबाद: झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में धनबाद के पूर्वी टुंडी प्रखंड स्थित गढ़ रघुनाथपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित दो दिवसीय स्वास्थ्य मेला संपन्न हो गया। मेले में इलाज कराने के लिए मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। लेकिन इस आयोजन के बीच इलाके की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा भी सामने आया। ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस की अनुपलब्धता और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की सुविधा नहीं मिलने पर नाराजगी जताई।

एक लाख से अधिक की आबादी, फिर भी CHC का इंतजार

ग्रामीणों का कहना है कि पूर्वी टुंडी को प्रखंड और थाना क्षेत्र का दर्जा मिलने के बावजूद यहां अब तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना नहीं हो सकी है। एक लाख से अधिक की आबादी वाले इस क्षेत्र में लोगों को 24 घंटे बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूसरे अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता है। ग्रामीणों की मांग है कि इलाके में जल्द से जल्द CHC(Community Health Centre) की स्थापना की जाए, ताकि गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज मिल सके।

108 एंबुलेंस की किल्लत से बढ़ रही परेशानी

ग्रामीणों की सबसे बड़ी शिकायत 108 एंबुलेंस सेवा को लेकर है। उनका आरोप है कि आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस समय पर उपलब्ध नहीं हो पाती। इससे मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी होती है और कई बार उनकी जान पर बन आती है।

खासकर गोविंदपुर-साहेबगंज मुख्य मार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं के दौरान यह समस्या और गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों के मुताबिक, इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं, लेकिन समय पर एंबुलेंस और बेहतर इलाज की सुविधा नहीं मिलने से घायलों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

जिला प्रशासन के संज्ञान में मामला : डॉक्टर

ग्रामीणों की मांग और शिकायतों पर गढ़ रघुनाथपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सहायक प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विकास कुमार राणा ने कहा कि यह मामला जिला प्रशासन के संज्ञान में है। सरकार का आधिकारिक आदेश प्राप्त होते ही समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल की जाएगी।

वहीं, स्वास्थ्य मेले में पहुंचे मरीजों और स्थानीय ग्रामीणों ने भी अपनी परेशानियां सामने रखीं। उनका कहना है कि स्वास्थ्य मेले जैसे आयोजन जरूरी हैं, लेकिन इसके साथ ही स्थायी स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना भी बेहद आवश्यक है।

आश्वासन नहीं, बेहतर स्वास्थ्य सुविधा चाहते हैं ग्रामीण

कुल मिलाकर, पूर्वी टुंडी में दो दिवसीय स्वास्थ्य मेला तो संपन्न हो गया, लेकिन इसने क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों को अब केवल स्वास्थ्य शिविरों और आश्वासनों से संतोष नहीं है। उनकी मांग है कि क्षेत्र में पर्याप्त 108 एंबुलेंस, बेहतर इलाज की व्यवस्था और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना जल्द की जाए, ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को इलाज के लिए भटकना न पड़े।

Share.
Next Story
बोकारो में लोक संवाद के जरिए उपायुक्त ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
Exit mobile version